दतिया उपचुनाव के बाद पहला दौरा : डॉ. नरोत्तम मिश्रा के स्वागत में खचाखच भरा ‘माई कृपा’ परिसर, समर्थकों ने लगाए जोरदार नारे!

दतिया। पूर्व गृहमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के शुक्रवार को दतिया पहुंचने पर उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। श्री पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद डॉ. मिश्रा जैसे ही अपने निवास ‘माई कृपा’ पहुंचे, बड़ी संख्या में समर्थक उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़े। कुछ ही देर में पूरा परिसर कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भर गया।

डॉ. मिश्रा के पहुंचते ही समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। ‘नरोत्तम मिश्रा जिंदाबाद’ और ‘शेर आया-शेर आया’ जैसे नारों के बीच कार्यकर्ता उनसे मिलने और उनका अभिवादन करने के लिए आगे बढ़ते रहे। कई समर्थकों ने डॉ. मिश्रा के साथ तस्वीरें भी लीं। उन्होंने भी कार्यकर्ताओं से आत्मीयता से मुलाकात की और सभी का अभिवादन स्वीकार किया।

मां पीतांबरा के दर्शन से शुरू हुआ दतिया दौरा : डॉ. नरोत्तम मिश्रा शुक्रवार सुबह दतिया पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले श्री पीतांबरा पीठ में मां पीतांबरा के दर्शन किए। इसके बाद वे ‘माई कृपा’ पहुंचे, जहां उनके समर्थक पहले से ही इंतजार कर रहे थे।

मीडिया से बातचीत में डॉ. मिश्रा ने अपने दतिया दौरे को धार्मिक यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि डबरा में उनकी बहन के यहां धार्मिक आयोजन है और उसी सिलसिले में वे जा रहे हैं। दतिया पहुंचने पर उन्होंने मां पीतांबरा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

राजनीतिक सवालों पर साधी चुप्पी : दतिया पहुंचने के बाद डॉ. मिश्रा से दिल्ली दौरे, राजनीतिक गतिविधियों और संगठन से जुड़े हालिया घटनाक्रम को लेकर सवाल भी किए गए। हालांकि उन्होंने इन मुद्दों पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी। कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी को लेकर उन्होंने कहा कि सभी मां के भक्त हैं।

जिला भाजपा कार्यकारिणी से जुड़े सवाल पर भी उन्होंने टिप्पणी करने से परहेज किया। करीब आधे घंटे तक समर्थकों के बीच रहने के बाद डॉ. मिश्रा डबरा के लिए रवाना हो गए।

6 मनोनीत पार्षदों का भी किया स्वागत : इधर, दतिया नगर पालिका परिषद में राज्य शासन द्वारा छह पार्षदों के मनोनयन के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सभी का स्वागत किया। मनोनीत पार्षदों में रामनाथ प्रजापति, रामसेवक पाल, दिलीप वाल्मीकि, राघवेंद्र सिंह बुंदेला, मन्जू मांझी और रामकुमार अग्रवाल शामिल हैं।

डॉ. मिश्रा ने मनोनीत पार्षदों को फूल-माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। समर्थकों की मौजूदगी और मनोनीत पार्षदों के स्वागत के दौरान ‘माई कृपा’ में लंबे समय तक उत्साह का माहौल बना रहा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter