पानीपत की कालीन फैक्टरी में लगी भीषण आग, 13 फायर बिग्रेडों ने 10 घंटे में पाया काबू, आसपास के लोगों में मची भगदड़

चंडीगढ़ : हरियाणा के पानीपत जिले की एक फैक्टरी में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की आग बुझाने वाली 13 गाड़ियों ने 10 घंटे से भी अधिक समय की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि उक्त फैक्टरी में ‘कालीन’ और ‘बाथ मैट’ का निर्माण होता था और यह आवासीय इलाके के नजदीक स्थित है। एहतियातन आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और वहां भगदड़ जैसी िस्थति निर्मित हो गई। उन्होंने बताया कि यह फैक्टरी जाटल रोड पर स्थित है।

पानीपत दमकल केंद्र के अधिकारी यादविंदर शर्मा ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की तत्काल जानकारी नहीं मिली है।

अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह से बुझाने के बाद ही नुकसान का आंकलन किया जा सकेगा। इस बीच पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात की निगरानी कर रहे हैं। पानीपत से भाजपा विधायक प्रमोद विज भी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने मौके पर जानकारी ली।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter