त्योहारों से पहले मध्यप्रदेश में पुलिस का व्यापक एक्शन : प्रदेशभर में रातभर चली कॉम्बिंग गश्त, सैकड़ों वारंटी दबोचे गए

भोपाल। आगामी त्योहारों के मद्देनजर मध्यप्रदेश में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे प्रदेश में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया गया। राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस बल ने एक साथ आधी रात को सघन कॉम्बिंग गश्त कर फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों और सूचीबद्ध अपराधियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।

इस दौरान सैकड़ों वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, वहीं असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए थानों में डोजियर अपडेट कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां की गईं।

आधी रात को 155 बदमाशों के ठिकानों पर दबिश : दतिया जिले में पुलिस टीमों ने संवेदनशील इलाकों और गांवों में विशेष सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 7 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 53 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए। इसके अतिरिक्त अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से क्षेत्र के 65 हिस्ट्रीशीटरों और 90 गुंडा-बदमाशों के ठिकानों पर औचक पहुंचकर भौतिक सत्यापन व सघन चेकिंग की गई।

अन्य प्रमुख जिलों में पुलिसिया कार्रवाई का ब्योरा :-

● ग्वालियर: शहर और देहात में बड़े पैमाने पर दबिश देकर 203 फरार वारंटियों (104 स्थायी व 99 गिरफ्तारी) को पकड़ा गया। गश्त के दौरान अवैध शराब, हथियार, जुआ और गांजा तस्करों के खिलाफ नए प्रकरण दर्ज कर होटल व लॉज खंगाले गए।

● मुरैना : वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में रातभर चली कार्रवाई में 281 वारंटियों और वांछित आरोपियों को दबोचा गया। साथ ही 69 हिस्ट्रीशीटरों और 21 जिलाबदर अपराधियों की सक्रियता जांची गई।

● इंदौर : जोन-4 के द्वारकापुरी थाना परिसर में निगरानी बदमाशों की परेड कराई गई। सभी के आपराधिक रिकॉर्ड अपडेट किए गए और अपराध से दूर रहने की हिदायत देकर नोटिस तामील कराए गए।

● कटनी : पुलिस ने 20 स्थायी और 69 गिरफ्तारी वारंटियों सहित कुल 182 आरोपियों को हिरासत में लिया। साथ ही 86 गुंडों व निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई।

● दमोह : एक साथ सभी थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 22 स्थायी और 36 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा गया। अवैध मदिरा के 29 और जुआ-सट्टा के 3 मामले कायम किए गए।

● खरगोन : आधी रात से सुबह 5 बजे तक चले अभियान में 15 स्थायी व 83 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा गया और 155 सूचीबद्ध बदमाशों के घरों की औचक जांच की गई।

विदिशा में बलवा नियंत्रण और दंगा-रोधी मॉक ड्रिल : त्योहारों पर भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए विदिशा पुलिस लाइन में वृहद ‘बलवा ड्रिल’ का आयोजन हुआ। पुलिस जवानों ने आंसू गैस के गोले दागने, वाटर कैनन के उपयोग, बैरिकेडिंग, प्राथमिक चिकित्सा और दंगा-रोधी रणनीतियों का व्यावहारिक अभ्यास किया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित और अनुशासित कार्रवाई की जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter