New Delhi News : नईदिल्ली । होली पर्व को लेकर सभी देशवासियों को राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शुभकामनाएं दीं हैं। सभी ने अपने संदेश में इस पर्व को सौहार्द के साथ मनाते हुए अपने आसपास सकरात्मकता फैलाने की अपील की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने होली की देशवासियों को शुभकामनाएं दी। अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि होली के पावन अवसर पर भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। रंगों का त्योहार होली खुशियां और उत्साह लेकर आता है।

यह त्योहार हमारे जीवन में एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। होली के विविध रंग विविधता में एकता के मूल्यों को दर्शाते हैं। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है। ये पर्व हमें अपने आस-पास प्रेम और सकारात्मकता फैलाने की सीख देता है। यह रंगों का त्योहार आपके जीवन को खुशियों और समृद्धि से भर दे।
वहीं उपराष्ट्रपति धनखड़ ने होली के पावन पर्व की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। अपने संदेश में उन्होंने कहाकि होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय और बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। जो हमें नवीन सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा देता है।
इस मंगलमय उत्सव को उल्लासपूर्वक मनाते हुए, हम इसके प्रेम के संदेश को अपनाएं। होली के जीवंत रंग हमें भारत की सांस्कृतिक विविधता की याद दिलाते हैं, जो इन रंगों की तरह एक साथ मिलकर हमारे देश की अद्भुत छवि अनेकता में एकता को प्रस्तुत करते हैं।

इस होली पर हम संकल्प लें कि हमारे विचार करुणा से रंगे हों, हमारे कर्म मानवता की सेवा में समर्पित हों और हमारी सोच राष्ट्र के सुनहरे भविष्य की ओर केंद्रित हो।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी दी शुभकामनाएं : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। मोदी ने कामना की, कि यह त्यौहार सभी के जीवन में नया उत्साह और ऊर्जा भरे और देशवासियों में एकता के रंग को और गहरा करे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मोदी की पोस्ट को जारी किया। जिसमें सभी को होली की ढेरों शुभकामनाओं के साथ हर्ष और उल्लास से भरे इस पावन-पर्व को सौहार्द से मनाने की अपील की गई है।
प्रधानमंत्री ने कहाकि होली के रंग जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ करे, यही कामना है। वहीं मप्र के मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने भी सभी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं हैं।