सपा का विकास माने कब्रिस्तान की बाउंड्री, भाजपा का देखना हो तो अयोध्या देखिए – CM योगी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘कब्रिस्तान’ का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर हमला किया और आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के शासनकाल के दौरान विकास कार्यों के धन की बंदरबांट होती थी। योगी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही।

उन्होंने कहा, “पिछली सरकारों में विकास के नाम पर पैसे की बंदरबांट होती थी। अगर आप सपा का विकास कार्य देखना चाहते हैं तो यह कहीं और नहीं दिखाई देगा, बस कब्रिस्तान की चारदीवारी में ही दिख सकता है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर अब आपको विकास देखना है तो यह अयोध्या में नजर आएगा जिसे एक आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इसके अलावा काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम और चित्रकूट धाम की परियोजनाओं में भी आप विकास देख सकते हैं।” उन्होंने कहा कि तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल और गोवर्धन में भी विकास परियोजनाएं जारी हैं, पिछले पांच वर्षों के दौरान भाजपा सरकार ने 700 प्रमुख तीर्थ स्थलों और पर्यटन स्थलों के विकास का काम किया है।

योगी ने कहा कि बीते 5 साल में भाजपा सरकार ने क्या किया है, ये बताना मेरा दायित्व है। योगी ने कहा कि कोरोना काल में जीवन और जीविका को बचाने के लिए हमने जो किया, उसे दुनिया ने सराहा। योगी ने बताया कि अब तक 26 करोड़ 48 लाख कोविड वैक्सीन के डोज लग चुके हैं। हमारे यहां के छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने राजस्थान के कोटा गए थे,

हमने लॉकडाउन के दौरान उन्हें सुरक्षित घर तक पहुंचाया। UP के 40 लाख प्रवासी श्रमिकों को सफलतापूर्वक उनके घर तक पहुंचाने और खाने-पीने की व्यवस्था की। योगी ने कहा कि बसपा शासन में 364 दंगे प्रदेश में हुए। सपा सरकार के वक्त 2012 से 2017 के बीच 700 से ज्यादा दंगे हुए। बीते 5 साल में कोई दंगा या आतंकी घटना नहीं हुई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter