मेघालय हिंसा : शिलांग में कर्फ्यू, 4 जिलों में मोबाइल इंटरनेट बंद, गृह मंत्री लहकमन रिम्बुई ने इस्तीफा दिया

शिलांग : मेघालय में समर्पण कर चुके एक उग्रवादी की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच शिलांग में कफ्र्यू लगा दिया गया। राज्य के चार जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। राज्य के गृह मंत्री लहकमन रिंबुई ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस बीच, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा के निजी आवास पर देर रात अज्ञात उपद्रवियों ने पेट्रोल बम से हमला किया।

घटना में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। बता दें कि 2018 में समर्पण कर चुके चेरिस्टरफील्ड थांगखियु नामक उग्रवादी को पुलिस ने एक मुठभेड़ में 13 अगस्त को मार गिराया था। रविवार को उसका शव दफनाने के बाद हिंसा शुरू हो गई। पुलिस ने बताया कि समर्पण करने के बाद थांगखियु ने आइईडी धमाकों की साजिश रची थी।

अधिकारियों ने बताया कि शिलांग में रविवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह पांच बजे तक कफ्र्यू लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि ईस्ट खासी हिल्स, वेस्ट खासी हिल्स, साउथ खासी हिल्स और री-भोई जिले में शाम छह बजे से 48 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया। गृह सचिव सीवीडी डिंगदोह ने पुलिस मुख्यालय से रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि तोड़फोड़ की कुछ घटनाएं सामने आई हैं जिनसे सार्वजनिक शांति और सद्भाव बिगड़ने का खतरा है तथा सार्वजनिक सुरक्षा को क्षति हो सकती है। इस्तीफा देने वाले गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा से थांगखियु की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत की न्यायिक जांच कराने का अनुरोध किया है।

अपने त्यागपत्र में उन्होंने कहा, ‘चेरिस्टरफील्ड थांगखियु के आवास पर पुलिस छापेमारी के बाद उसे मार गिराया गया। मैं आपसे खुद को गृह (पुलिस) विभाग की जिम्मेदारी से तत्काल मुक्त किए जाने का आग्रह करता हूं। इससे सरकार द्वारा घटना के पीछे का सच सामने लाने के लिए गठित जांच निष्पक्ष एवं स्वतंत्र हो सकेगी। मैं इस मामले की न्यायिक जांच का प्रस्ताव करता हूं।’

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter