कश्मीर में छाई कोहरे की परत : कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंचा

श्रीनगर : कश्मीर में रात के समय तापमान शून्य के नीचे बना हुआ है और श्रीनगर में सोमवार देर रात पारा शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

कश्मीर के कई इलाकों में सुबह कोहरे की परत छायी रही और पारा शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। श्रीनगर में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले तापमान शून्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम में तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जोकि पूरे कश्मीर में सबसे ठंडा रहा। वहीं, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा जबकि कुपवाड़ा में भी तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

उन्होंने बताया कि घाटी के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

कश्मीर में कड़ाके की ठंड का मौसम अपने निर्धारित समय से पहले ही शुरू हो गया है, जो कि आमतौर पर दिसंबर के तीसरे सप्ताह से शुरू होता है।

कश्मीर में कड़ाके की ठंड से भरे 40 दिन की अवधि वाला ‘चिल्लई कलां’ हर साल 21 दिसंबर से शुरू होता है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम 20 नवंबर तक शुष्क बना रहेगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter