गोरखपुर : कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता हत्याकांड में समाजवादी पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो ट्वीट कर गोरखपुर के पुलिस-प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया है। ट्वीट किए गए वीडियो में डीएम विजय किरन आनंद और एसएसपी डा. विपिन ताडा मनीष की पत्नी मीनाक्षी और उनके परिवार को मुकदमा नहीं दर्ज कराने की बात कहते हुए दिख रहे हैं। डीएम-एसएसपी की पीड़ित परिवार से बाबा राघव दास मेडिकल कालेज (गोरखपुर) पुलिस चौकी में मंगलवार को बातचीत हो रही थी।
बुधवार देर रात तेजी से वायरल हुए वीडियो में डीएम यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि मैं आपके भाई की तरह हूं। एक बार मुकदमा दर्ज होने जाने के बाद आपको अंदाजा नहीं है कि सालों कोर्ट में चक्कर काटना पड़ेगा।
इससे किसी को कुछ भी हासिल नहीं होगा। सालों बीत जाएंगे चक्कर लगाते। एसएसपी कहते हुए नजर आ रहे हैं कि पुलिस वालों की मनीष से कोई दुश्मनी नहीं थी जो वो ऐसा करेंगे। आपके कहने पर मैंने उन्हें सस्पेंड कर दिया और तब तक बहाल नहीं होंगे,
जब तक इस मामले की जांच पूरी न हो जाए। आखिरी में डीएम और एसएसपी मोबाइल लेकर बैठी महिला को वीडियो न बनाने की बात कहते दिख रहे हैं। इस मसले पर डीएम ने किसी भी टिप्पणी से इन्कार किया है। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने कहा कि मेरे आदेश पर ही आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और अनुरोध पर पीड़ित परिवार को मुआवजा मिला है। पीड़ित परिवार के साथ एक-डेढ़ घंटे बातचीत हुई थी।
वीडियो देखे बिना कुछ नहीं कहा जा सकता। मनीष गुप्ता हत्याकांड में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट करके सरकार पर तंज कसा है और घटना की निंदा की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा है कि पुलिस अपराधियों पर नर्म रहती है और आमजन से बर्बर व्यवहार करती है।
यूपी पुलिस ने कहा- कार्रवाई होगी डीएम-एसएसपी का वीडियो वायरल होने के बाद यूपी पुलिस ने ट्वीट कर कार्रवाई की बात कही है। ट्वीट में गोरखपुर में कारोबारी की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के मामले में छह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही गई है। यह भी बताया कि गोरखपुर के एडीजी, डीआइजी और एसएसपी को जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


