पुल के पास पलटा मिनी ट्रक : तीन मासूमों सहित पांच लोगों की मौत, दो गंभीर घायल, सीएम ने की सहायता राशि देने की घोषणा

Datia news : दतिया। भांडेर अनुभाग के दुरसड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बुहारा में निर्माणाधीन पुल के नजदीक रपटे पर बुधवार सुबह एक आयशर मिनी ट्रक के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रारंभिक तौर पर सिर्फ 5 लोगों की मौत की पुष्टि पुलिस द्वारा की गई है। मरने वालों में 3 बच्चे भी शामिल बताए जाते हैं।

उक्त सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने ग्राम बिल्हेटी से इस ट्रक में सवार होकर टीकमगढ़ के जतारा जा रहे थे। घटना बुधवार सुबह 6 बजे की बताई जाती है।

इस घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताते हुए मृतकों को चार-चार लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हजार रुपए की राशि देने की घोषणा की है। गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी उक्त  घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि सभी घायलों का समुचित उपचार किया जा रहा है।

रपटे से गुजरने के दौरान हुआ हादसा : मौके पर मौजूद भांडेर एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि नदी किनारे निर्माणाधीन पुल के करीब से बनी रपटेनुमा पुलिया के रास्ते यह ट्रक गुजर रहा था, जहां बड़े बरसाती नाले का पानी होने के कारण वह अनियंत्रित होकर पलट गया।

मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल : इस हादसे में ट्रक में सवार पांचों बाई पत्नी जगन्नाथ 65 वर्ष, प्रशांत पुत्र राधाचरण खटीक 18, 3 वर्षीय गुंजन पुत्री दिलीप खटीक, इशू पुत्र भारत खटीक 3 वर्ष, कौरव पुत्र भरत खटीक 2 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू हुआ।

एक युवक के बह जाने का अंदेशा : ग्रामीणों द्वारा हादसे की खबर पुलिस तक पहुंचाई गई।जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। बरसाती नाले का पानी उफान पर होने के कारण बचाव कार्य में आ रही दिक्कत को देखते हुए रोड काटकर पानी का बहाव दूसरी ओर किया गया। तब जाकर ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सका।

वहीं घटना के दौरान दतिया पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। हाल ही में हुई बारिश के कारण नाले का पानी भी तेज गति से चल रहा है, जिसके कारण रेस्क्यू कार्य में बाधा आई।

नाले में एक युवक के बह जाने का अंदेशा जताया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से वहां सर्चिंग शुरू कर दी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!