भोपाल में होगा खेलो इंडिया यूथ गेम्स का समापन : CM शिवराज और केन्द्रीय खेल मंत्री होंगे मुख्य अतिथि

भोपाल  : मध्यप्रदेश में हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 से प्रदेश में पिछले 13 दिन से बने उत्साहपूर्ण माहौल में विभिन्न राज्यों के लगभग 6 हजार खिलाड़ियों ने 27 अलग-अलग खेल में पदकों के लिए जी-जान लगा दी। गेम्स का समापन भोपाल की शान बड़े तालाब पर 11 फरवरी की शाम 6.30 बजे से रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ होगा। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय खेल एवं युवा कार्य मंत्री  अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे। केंद्रीय खेल, युवा कार्य एवं गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रामाणिक और खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित ओलिंपियन शूटर  गगन नारंग विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह की अध्यक्षता प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  यशोधरा राजे सिंधिया करेंगी।

समापन समारोह के पूर्व शाम 5.30 बजे सभी विजेता खिलाड़ियों का चेंपियन बस में बैठा कर मुख्यमंत्री निवास से बोट क्लब तक भव्य रैली निकाल कर स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान बस को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। बस के साथ कलरीपायट्टु, गटका खिलाड़ी और एम.एम.ए आर्टिस्ट प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा आरजे अनादि, बाइकर्स, ब्रेक डांसर्स और साइक्लिस्ट विभिन्न प्रस्तुति देंगे।

समापन समारोह की शुरूआत नन्हे बांसुरी वादक अनिरवन रॉय की प्रस्तुति से होगी। एक भारत-श्रेष्ठ भारत पर फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। खिलाड़ियों और टीमों को ओवरऑल ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में गेम्स के एंथम “हिन्दुस्तान का दिल धड़का दो” पर डांस परफॉर्मेंस होगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!