नारी सम्मान सर्वोपरि : मुख्यमंत्री यादव, दोषी अधिकारी को स्थानांतरित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सिंगरौली जिले में एक अधिकारी के अशोभनीय कृत्य पर संज्ञान लेते हुए कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि नारी का सम्मान सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा किकिसी भी महिला से जूते के फीते बंधवाना किसी भी स्थिति में मर्यादित आचरण नहीं है। यह अमानवीय और निंदनीय है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इस मामले पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोषी अधिकारी को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। इस घटना को लेकर दोषी अधिकारी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री डॉ यादव के निर्देश पर संबंधित अधिकारी असवन राम चिरावन प्रभारी डिप्टी कलेक्टर को सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल में पदस्थ कर दिया गया है। इस संबंध में आज शाम आदेश जारी कर दिए गए हैं।

 केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण से कि भेंट : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन से उनके निवास पर भेंट कर प्रदेश की वित्तीय स्थिति और प्रबंधन से संबंधित विविध विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री से प्रदेश की विधानसभा के आगामी सत्र में प्रस्तुत किए जाने वाले बजट पर मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि आगामी बजट प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मंशानुसार तकनीक आधारित, पारदर्शी और विकासोन्मुखी हो।

बैठक के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री ने प्रदेश के वित्तीय प्रबंधन और सुधार के कार्यों को सराहा और आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार प्रदेश सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की वित्तीय कठिनाई नहीं आने देगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्तीय मंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर अभिवादन किया। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण को उज्जैन स्थित महाकाल लोक भी पधारने का न्योता दिया जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!