सागर/बीना | सागर जिले की बीना पुलिस ने एक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए ऐसे गिरोह को पकड़ा है, जिसने एक नाबालिग को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर और जान से मारने की धमकी देकर चोरी की वारदात को अंजाम दिलाया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण और वाहनों समेत कुल 54 लाख 37 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, मामला बीना थाना क्षेत्र में एक पुराने पैतृक मकान से नगदी और जेवरात गायब होने की शिकायत के बाद सामने आया। परिवार के नए मकान में रहने के कारण पुराना घर बंद था। 17 जून को सामान की जांच करने पर नगदी और कीमती सामान गायब मिला, जिसके बाद थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया गया।
जांच में सामने आया नाबालिग से जुड़ा कनेक्शन : मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि परिवार के नाबालिग सदस्य पर आरोपी कथित तौर पर दबाव बना रहा था।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग को ब्लैकमेल करने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई और इसी दबाव में उससे चोरी की वारदात कराई गई।
13 लाख कैश और करीब 40 तोला सोना मिलने का दावा : पूछताछ में मुख्य आरोपी ने परिवार से करीब 13 लाख रुपये नगद और लगभग 40 तोला सोने के आभूषण हासिल करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, चोरी की रकम का इस्तेमाल आरोपी ने अलग-अलग सामान और वाहनों की खरीद में किया, जबकि सोने के जेवर अपने मामा को दे दिए थे।
पुलिस ने आरोपी के मामा को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से हार, चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, कड़े और मंगलसूत्र समेत करीब 38 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए गए।
चोरी के पैसों से खरीदी कार-बाइक और इलेक्ट्रॉनिक सामान : पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कई महंगी वस्तुएं बरामद की हैं। इनमें हुंडई कार, मारुति सुजुकी अर्टिगा, रॉयल एनफील्ड बुलेट, आईफोन सहित मोबाइल फोन, एसी, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, बेड, लोहे का गेट और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में एक अन्य सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है। चोरी की रकम और संपत्ति का कितना हिस्सा अभी और बरामद होना बाकी है, इसे लेकर जांच जारी है।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई : यह कार्रवाई सागर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में बीना थाना पुलिस ने की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस अब चोरी से जुड़ी शेष रकम और संपत्ति की बरामदगी के साथ मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।

