दतिया। जिले के उनाव थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार आरोपी नीतु आदिवासी ने उससे शादी का वादा किया था। जब उसने खुद को नाबालिग बताते हुए शादी से इनकार किया, तो दो नवंबर 2024 की रात आरोपी बाइक से उसके घर के पीछे पहुंचा और जबरन उसे अपने साथ ले गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी उसे अपने साथी अभिषेक यादव के पास लेकर गया। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उसे खेतों में बनी एक सुनसान टपरिया में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी उसे ग्वालियर भी ले गया, जहां एक परिचित के कमरे में रखा गया। पीड़िता ने बताया कि वहां भी लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया गया और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई।
करीब चार–पांच दिन पहले आरोपी उसे दतिया में छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंचने के बाद 28 फरवरी को पीड़िता को प्रसव पीड़ा हुई और उसने सात माह के शिशु को जन्म दिया। हालांकि तीन मार्च को नवजात की मौत हो गई।
पीड़िता की हालत बिगड़ने पर उसे एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहुंचकर उसके बयान दर्ज किए और मामला दर्ज किया।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश : पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए पोक्सो अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


