दतिया । शहर में गोलीबारी की घटनाओं ने लोगों में दहशत का माहौल बढ़ा दिया है। अभी हाल ही में जहां छल्लापुरा मोहल्ले में गोलीबारी से दो युवक घायल हो गए थे, वहीं सायनी मोहल्ले में भी दो बदमाश किस्म के युवकों ने कट्टे से फायर कर दिए । जिससे वहां खड़ी महिला घायल हो गई। जानकारी के मुताबिक स्थानीय सायनी मोहल्ला में सीवर लाइन के कार्य के दौरान वहां से सोहेल एवं इम्मू नामक युवक निकल रहे थे, जिन्हें गली में रहने वाले इमरान एवं रहीस ने मना किया। जिस पर उक्त लोगों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कट्टे से फायरिंग कर दी।
इस फायरिंग के दौरान पड़ौस में रहने वाली महिला निसारा बेगम जो अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी, गोली लगने से घायल हो गई। उसके बाएं पैर में गोली जा लगी । घायल महिला को उसके स्वजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे ।कोतवाली टीआई रतनेश यादव एवं थाना सिविल लाईन टीआई रविन्द्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने जिला अस्पताल में घायल से जानकारी कर शहर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है ।
टीआई कोतवाली रत्नेश यादव ने बताया कि इस मामले में फरियादी रहीश खान निवासी सायनी मोहल्ला की रिपोर्ट ओर दो आरोपित इमरान उर्फ इम्मू खान निवासी दांतरे की नरिया एवं शोहेल खान निवासी सायनी मोहल्ला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मालूम हो कि इससे पूर्व भी शहर के छल्लापुरा मोहल्लों में भी गोलीबारी की घटना तीन दिन पूर्व ही घटित हुई थी। जिसमें दो युवक घायल हो गए थे। दिन दहाड़े गोलीबारी की इन घटनाओं ने लोगों को भयभीत कर रखा है।

