दतिया। प्रदेश में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस के आधे दिन बंद का मिलाजुला असर दिखाई दिया। दतिया, सेवढ़ा, इंदरगढ़ एवं भांडेर में सुबह से ही कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर बाजार बंद का आग्रह करते नजर आए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर दोपहर 2 बजे तक बंद आयोजित किया गया था। बाजार बंद का असर किला चौक, तिगैलिया, बड़ा बाजार, टाउनहाल आदि क्षेत्र में मिलाजुला रहा। दोपहर 2 बजे सभी दुकानें खुल गई।
बाजार बंद के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश एवं केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पेट्रोल डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम को कम करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष उषा नाहर, संतोष लिटोरिया, अन्नू पठान, अशोक दांगी बगदा, अभिषेक तिवारी, विष्णु गुर्जर, मीनू जैदी सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।
सेवढ़ा में बंद को सफल बनाने सड़क पर उतरे कांग्रेसी
सेवढ़ा में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और आधे दिन के लिए बाजार भी बंद कराया। डीजल पेट्रोल रसोई गैस के मूल्यों में वृद्धि के विरोध में शनिवार को सम्पूर्ण बाज़ार बन्द रहा। ब्लाक अध्यक्ष कांग्रेस जनवेद सिंह कुशवाह के नेतृत्व में शुक्रवार की शाम को ही मुनादी कर दुकानदारों को अपनी अपनी दुकाने आधे दिन के लिए शनिवार को बंद रखने के लिए कहा गया था। जिसके तारतम्य में सेवढ़ा नगर में शनिवार की सुबह से ही दुकानदारों ने बाजार बंद का समर्थन किया और अपनी अपनी दुकानें बंद रखी।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और एक साथ बाजार का भी भ्रमण किया। बाजार बंद के दौरान सब इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार ने नगर के मुख्य मार्ग समेत गली मोहल्लों में पुलिस बल के साथ पैदल घूमकर नजर रखी। बाजार बंद कराने के लिए पूर्व मंडी अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा, जेवेंद्र सिंह परिहार, उदयवीर भदौरिया, मुन्ना सेंगर, संजू दीक्षित, एनडी प्रजापति, मनमोहन दीक्षित, राजेन्द्र नोनेरिया, नरेंद्र गंधी, उधम सिंह नागिल, सुरेंद्र चौधरी, रहीश खान, अपर्वल साहनी, राजू श्रीवास्तव, देशराज कुशवाह समेत आधा सैकड़ा से अधिक कांग्रेसी नेतागण नगर में घूम।

वहीं इंदरगढ़ व भांडेर में भी बाजार बंद का आंशिक असर दिखाई दिया। इंदरगढ़ में बाजार बंद कराने में ब्लाक अध्यक्ष बीके जाटव, कोक सिंह पटेल, धीरेंद्र सिंह राठौर, ओम पांचाल, चरणदास कैलारे, अनार सिंह यादव, दीपक भदकारिया, दीपक मिश्रा, महेश जाटव, रमेश खटीक, सुरेंद्र सिंह जाट, छोटे खां पठान, सोनू चौहान, रवि यादव आदि कांग्रेसी नेतागण नगर में घूमते रहे।

