रहस्यमयी तरीके से कालेज छात्राओं के मोबाइल हो रहे चोरी : गर्ल्स होस्टलअधीक्षिका बोली लड़कियों के बाॅय फ्रेंडों की करतूत, मामला कलेक्टर के पास पहुंचा

Datia news : दतिया। दतिया में स्थित सरकारी कन्या छात्रावास (गर्ल्स होस्टल) से रहस्यमयी तरीके से छात्राओं के मोबाइल चोरी हो रहे हैं। पिछले पांच दिन चार मोबाइल चोरी गए हैं।

जब छात्राओं ने इसकी शिकायत अधीक्षिका से की तो, उनका कहना था कि तुम्हारे बॉय फ्रेंड आते होंगे, जिसके कारण यह घटना हुई है। अधीक्षिका की बात सुनकर छात्राएं चौंक गई। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर से मिलकर इस बात की शिकायत की।

सरकारी कन्या छात्रावास से छात्राओं के मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। इसे लेकर छात्रावास में रहने वाली आधा सैकड़ा छात्राओं ने मंगलवार को कलेक्टर संदीप माकिन से न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं का आरोप था कि अधीक्षिका की लापरवाही के कारण छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई प्रबंध नहीं है।

दतिया के झांसी बाइपास रोड स्थित कन्या छात्रावास में मोबाइल चोरी काे लेकर छात्राओं ने कलेक्टर एक ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें उल्लेख है कि गत 27 मार्च की रात को छात्रावास में चार छात्राओं के मोबाइल चोरी हो गए।

इस छात्रावास में पीजी कालेज, गर्ल्स कालेज और डाइट की छात्राएं रहती हैं। छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास अधीक्षक रजनी निगम ने चोरी की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई।

छात्राओं के मुताबिक इस मामले में अधीक्षिका ने उल्टे उन पर ही आरोप लगा दिए कि उनके दोस्त रात में छात्रावास आए होंगे। छात्राओं ने शिकायत करते हुए बताया कि रात की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी रात आठ बजे ही सो जाती है।

वह छात्रावास की सुरक्षा नहीं करतीं। ज्ञापन में छात्राओं ने छात्रावास में गार्ड की व्यवस्था कराने, अधीक्षक रजनी निगम को हटाने और चोरी हुए मोबाइल बरामद करवाने की मांग की है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter