CM मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला—“ढाई साल पहले झूठ बोलकर दतिया के विकास का पहिया रोका, अब जनता चुकता करेगी हिसाब”

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा का चुनावी अभियान लगातार जोर पकड़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में उदगुवां और उपरांय (सीतापुर) में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ढाई साल पहले कांग्रेस ने झूठ और भ्रम फैलाकर दतिया में सत्ता हासिल की और इसके बाद क्षेत्र के विकास की गति पर भी विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि अब यह चुनाव जनता के पास कांग्रेस को उसके किए का जवाब देने और विकास की रफ्तार फिर से तेज करने का मौका है।

“नरोत्तम मिश्रा ने विकास का रथ शुरू किया, कांग्रेस ने रोक दिया” मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दतिया में पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने विकास की दिशा में जो काम शुरू किए थे, कांग्रेस की सरकार ने उन्हें रोकने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मिलकर दतिया को विकास के मामले में आगे ले जाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और नरोत्तम मिश्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यह जोड़ी दतिया के विकास को नई गति देगी।

सिंचाई और बिजली की समस्याओं पर बड़ा दावा : उदगुवां क्षेत्र की सभा में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की सिंचाई और बिजली से जुड़ी समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई की समस्या को स्थायी रूप से दूर करने के लिए सरकार काम करेगी। वहीं, बिजली की समस्या को लेकर फीडर बदलने की मांग पर मुख्यमंत्री ने चुनाव के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिस फीडर से क्षेत्र को बेहतर बिजली मिल सकेगा, वहां से जोड़ने का काम किया जाएगा।

“दतिया को बनाएंगे नंबर वन क्षेत्र” : मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और संगठन मिलकर दतिया को विकास के मामले में नंबर वन बनाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने सड़क, बिजली, पानी और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि जनता के जीवन को बेहतर बनाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है।

कांग्रेस पर तंज—“डूबते जहाज में कौन बैठेगा?” : मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर भी तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने उनसे संपर्क कर कहा है कि पार्टी के साथ खड़े होकर उन्होंने गलती की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन और जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है और जनता अब भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा कर रही है।

किसान, गरीब और युवाओं का मुद्दा भी उठाया : मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, गरीब, महिला और युवाओं के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि बुंदेलखंड और दतिया को इससे सिंचाई और विकास का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने दूध उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों को बेहतर सुविधाएं देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में भर्तियां निकाली हैं और आने वाले समय में भी रोजगारपरक कार्यों पर जोर दिया जाएगा।

नरोत्तम मिश्रा का कांग्रेस पर हमला, प्रत्याशी को बताया ‘राजा का बेटा’ पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने संबोधन में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें “राजा का बेटा” बताया। उन्होंने कहा कि राजघराने से आने वाला व्यक्ति गरीब और किसान की वास्तविक पीड़ा को किस तरह समझ सकता है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Dr.Narottam Mishra (@drnarottammisra)

नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को किसान परिवार से आने वाला जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने करीब 25 वर्षों तक संगठन के लिए काम किया है। अपने संबोधन में उन्होंने चुनावी मुकाबले को “राजघराना बनाम कार्यकर्ता” के रूप में पेश करते हुए आशुतोष तिवारी के समर्थन में मतदान की अपील की।

“55 साल सत्ता में रहे, दतिया को क्या दिया?”  : डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के लंबे शासनकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि करीब 55 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस दतिया में मेडिकल कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज, पॉलीटेक्निक और फिशरीज कॉलेज जैसे बड़े संस्थान नहीं ला सकी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान दतिया को मेडिकल कॉलेज, नल-जल योजना और एयरपोर्ट जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। उन्होंने कहा कि दतिया में विकास की जो तस्वीर आज दिखाई दे रही है, उसके पीछे भाजपा सरकार की नीतियां और क्षेत्र में किए गए विकास कार्य हैं।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter