Datia News : दतिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम व भक्तिभाव के साथ मनाया गया। शुक्रवार को जन्माष्टमी को लेकर श्रीकृष्ण मंदिरों में भव्य एवं आकर्षक सजावट की गई थी। मंदिरों पर रंग बिरंगी लाइटिंग के साथ फूलों से सजावट की गई। वहीं शहर के अन्य मंदिरों में भी विशेष आयोजन हुए।

घरों में भी जन्माष्टमी के उपलक्ष में लड्डू गोपाल की पूजा अर्चना कर उन्हें झूला झुलाया गया। दतिया सहित अासपास के क्षेत्रों में चल समारोह निकाले गए। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
दतिया सहित ग्रामीण अंचल में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास और भक्तिभाव से मनाई गई। शहर के विभिन्न मंदिरों में कई आयोजन हुए। गंज िस्थत बड़े गोविंद जी के मंदिर में सुबह दूध दही व पंचामृत से ठाकुर जी का अभिषेक कर उनका विशेष श्रृंगार किया गया।
वहीं अन्य मंदिरों में भी भगवान श्रीकृष्ण के आकर्षक श्रृंगार के साथ श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए। रात ठीक 12 बजे मंदिरों में घंटे, शंख व झालर बज उठे। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर महाआरती का भी आयोजन किया गया। नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की और राधे-राधे के जयघोष मंदिर परिसरों में गूंज रहे थे।
इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। इससे पूर्व दतिया, भांडेर, इंदरगढ़ एवं सेवढ़ा में चल समारोह भी निकाले गए। वहीं इंदरगढ़ में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई।
जन्माष्टमी पर्व काे लेकर सुबह से ही श्रीकृष्ण मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़े गोविंद जी मंदिर पर आकर्षक गुब्बारे और कनात लगाकर सजावट की गई थी। वहीं रंग बिरंगी लाइटिंग से मंदिर की साज सज्जा में चार चांद लग गए।

भगवान के गर्भगृह को मोगरा और बेला के फूलों से सजाया गया। जिससे सारा मंदिर परिसर महक रहा था। सुबह भगवान का दूध दही से अभिषेक कराया गया। वहीं शाम को भगवान के आकर्षक श्रृंगार के साथ दर्शन कराए गए।

दतिया में यादव महासभा की ओर से चल समारोह का आयोजन भी किया गया। घरों में भी लोगों ने जन्माष्टमी पर मध्यरात्रि 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव मनाते हुए विशेष आरती और पूजन किया। 20 अगस्त को दतिया में गोविंद मंदिर में दधीखाना लुटाने का आयोजन होगा।


