दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 13 साल का रिकॉर्ड, दो दिन सक्रिय रहेगा मॉनसून, यूपी-बिहार में भी होगी भारी बारिश

नई दिल्ली : विदाई से एक दिन पहले सावन खूब झूम कर बरसा। राजधानी दिल्ली में अगस्त माह में एक दिन में हुई बारिश का 13 साल पुराना रिकार्ड ध्वस्त हो गया। पटरियों पर पानी भरने के कारण नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से कुछ समय में लिए ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया। हरियाणा, पंजाब, बंगाल और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई।

हिमाचल प्रदेश के बारालाचा, कुंजुम आदि चोटियों पर हिमपात हुआ, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई। भारी बारिश से कुछ स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में संभावित बारिश की संभावना जताई है। शनिवार को दिल्ली में रात साढ़े आठ बजे तक 138.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 13 सालों में सबसे अधिक है।

उधर, बरसाती पानी के निकासी की बदहाल व्यवस्था से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। मिंटो ब्रिज, मूलचंद सहित कई अंडरपास व सड़कों पर जलभराव से ट्रैफिक जाम लग गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अनुसार, शाम साढ़े चार बजे तक जल भराव की 316 शिकायतें मिलीं। नगर निगम के अनुसार कई जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी हुईं। दक्षिणी दिल्ली के इलाके में ही पेड़ गिरने की 15 घटनाएं हुईं। पेड़ गिरने व जल भराव की घटनाओं के कारण आइटीओ के पास, राजघाट, कनाट प्लेस, धौला कुआं, मथुरा रोड, रिंग रोड, महरौली बदरपुर रोड सहित कई इलाकों में ट्रैफिक जाम हो गया। बारिश के कारण हादसों में दो लोगों की जान भी चली गई।

दिल्ली के रिज एरिया में सबसे अधिक 149.2 मिलीमीटर बारिश हुई, लेकिन सफदरजंग एयरपोर्ट के पास बीती रात 12 बजे से शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच 138.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसे ही दिल्ली का औसत माना जाता है। मौसम विभाग का कहना है कि उपलब्ध डाटा के अनुसार वर्ष 2009 के अगस्त माह में एक दिन में सर्वाधिक बारिश 22 अगस्त को 74.4 मिलीमीटर हुई थी।

वहीं 2010 में 20 अगस्त को 110 मिलीमीटर बारिश हुई थी। वैसे अगस्त में सर्वाधिक बारिश का रिकार्ड वर्ष 1961 का है। तब दो अगस्त 1961 को 184 मिलीमीटर बारिश हुई थी। हालांकि वर्ष 2010, 2012 व 2013 के मुकाबले इस बार अगस्त माह में कुल बारिश कम हुई है। इस साल अगस्त में अब तक कुल बारिश 202.0 मिलीमीटर हुई है, जबकि वर्ष 2010 में 455.1 मिलीमीटर, वर्ष 2012 में 378.8 मिलीमीटर व वर्ष 2013 में 321.8 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस साल अब तक कुल 743.9 मिलीमीटर बारिश हुई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!