7 मार्च तक पंजीयन : 4.42 लाख से अधिक किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिए कराया रजिस्ट्रेशन

भोपाल :  खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिए अब तक 4 लाख 42 हजार 288 किसानों ने पंजीयन करा लिया है। किसान 7 मार्च तक पंजीयन कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है।

मंत्री ने जानकारी दी कि पंजीयन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया गया है। इसके लिए प्रदेशभर में 3186 पंजीयन केन्द्र बनाए गए हैं। केंद्र सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है।

संभागवार पंजीयन की स्थिति : अब तक इंदौर संभाग में 54,587, उज्जैन में 1,48,905, ग्वालियर में 9,695, चंबल में 4,692, जबलपुर में 39,885, नर्मदापुरम में 34,181, भोपाल में 1,09,134, रीवा में 13,260, शहडोल में 2,551 और सागर संभाग में 25,398 किसानों ने पंजीयन कराया है।

पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था : ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों के सुविधा केन्द्र, तहसील कार्यालयों के सुविधा केन्द्र तथा सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर निःशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है।

पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था : एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), लोक सेवा केन्द्र और निजी साइबर कैफे पर सशुल्क पंजीयन कराया जा सकता है।

किसानों को एसएमएस से सूचना : मंत्री राजपूत ने बताया कि जिन किसानों के मोबाइल नंबर पूर्व रबी और खरीफ पंजीयन में उपलब्ध हैं, उन्हें एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जा रही है। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में डोंडी पिटवाकर सूचना दी जा रही है और सूचना पटल पर पंजीयन संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। समिति एवं मंडी स्तर पर भी बैनर लगाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter