हर रोज तीन सौ से अधिक लिए जाएं सैम्पल, कलेक्टर ने दिए निर्देश, फीवर सेंटर बढ़ाए जाएंगे

गांव व शहर में वाहनों से होगा प्रचार प्रसार

दतिया।  जिले में सैम्पलों की संख्या हर दिन 300 से ज्यादा होनी चाहिए, साथ ही सैम्पलों की रिपोर्ट भी शीघ्र प्राप्त कर संबंधित को जानकारी दी जाए। जिससे यदि कोई मरीज पाॅजीटिव निकलता है तो उसे जिला चिकित्सालय में कोरोना वार्ड में भर्ती कर ईलाज किया जा सके। यह निर्देश कलेक्टर संजय कुमार ने न्यू कलेक्ट्रेट के कक्ष में कोविड-19 की समीक्षा के दौरान दिए। समीक्षा बैठक में मेडीकल काॅलेज के डीन डाॅ. राजेश गौर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एसएन उदयपुरिया से चर्चा कर इस संबंध में उन्होंने जानकारी हांसिल की। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि तत्काल सैम्पल लेने के लिए टीमें तैयार करें, साथ ही टीम में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि वे अपना कर्तव्य जिम्मेदारी से निभाएं। उन्होंने कहा कि जिले में फीवर सेंटर भी बढ़ाए जाएं, जिससे ज्यादा से ज्यादा सैम्पल लेकर कोरोना की रोकथाम की जा सके । उन्होंने कहाकि इसके लिए ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किए जाए एवं दो गाड़ियों को गांव एवं शहर में घुमाकर प्रचार किया जाए और शहर तथा गांव के प्रमुख स्थानों पर कोरोना बचाव से संबंधित होर्डिग भी लगवाईजाए।

कलेक्टर ने सीएमएचओ निर्देश दिए कि कोरोना की बीमार से जो मरीज जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं उनके खाने, पीने एवं दवाई की व्यवस्था, समय-समय पर जांच का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो जाता है उसके कुछ दिन बाद उसे कोई तकलीफ होती है और वह आता है तो उसका दोबारा ईलाज किया जाए। उन्होंने कहाकि एक मोबाईल टीम भी तैयार करें जो कि बस स्टैण्ड़ एवं बाजार या भीड़-भाड़ के इलाके में जाकर सैम्पल ले सके। यदि इसमें आपको पुलिस व्यवस्था की जरूरत है तो तत्काल पुलिस अधीक्षक से सम्पर्क किया जाए।

कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जो मरीज डिस्चार्ज हो जाते है, उन्हें दवाई देते समय उनके साथ एक कार्ड भी दिया जाए। जिसमें दवाई लेने, खाने-पीने और अपनी सुरक्षा कैसे की जाए, मास्क आदि की जानकारी का उल्लेख होना चाहिए। जिससे मरीज उसी हिसाब से दवाई ले सकें और अपनी सुरक्षा कर सकें। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप हमारे जिले का अच्छे से अच्छा परिणाम होना चाहिए। यह सारी व्यवस्था शीघ्र ही करें। उन्होंने कंट्रोल रूम के बारे में भी जानकारी हांसिल की ।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter