खाना बनाते समय करंट की चपेट में आने से मां-बेटी की गई जान : हादसे के समय पति था खेत पर

Datia News : दतिया ।  हीटर पर खाना बनाना खतरे से खाली नहीं है। ऐसा ही हादसा सोमवार दोपहर थरेट में घटित हो गया। जहां खाना बनाते समय एक महिला और उसकी बेटी की करंट लगने से जान चली गई। महिला गर्भवती थी। हीटर पर खाना बनाते समय उसकी बेटी वहीं पास में खेल रही थी। जिस समय हादसा हुआ महिला का पति खेत पर था।

जब वह घर लौटा तो पत्नी और बेटी को फर्श पर पड़ा देख उसके होश उड़ गए। उसने परिवार के अन्य लोगों को बुलाकर करंट के तार हटाए। लेकिन तब तक मां-बेटी की जान जा चुकी थी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भिजवाए। पुलिस ने घटना के संबंध में मर्ग कायम कर जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार थरेट बस स्टैंड के पास निवासरत किशना प्रजापति की 24 वर्षीय पत्नी सरोज घर में हीटर पर खाना बना रही थी। उसके पास ही 4 वर्षीय बेटी काजल खेल रही थी। खाना बनाते समय अचानक हीटर में करंट दौड़ गया।

जिसकी चपेट में सरोज आ गई। इसी दौरान मासूम काजल ने भी मां का पकड़ लिया। जिससे दोनों मां बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। दोपहर में जब किशना खाना खाने खेत से घर लौटा तो मां-बेटी को हीटर के पास पड़ा देखा।

किशना ने अपने चाचा जनक प्रजापति को आवाज लगाकर बुलाया। जब तक दोनों ने मिलकर करंट के तार हटाए तब तक सरोज और बेटी काजल की मौत हो चुकी थी।

मृतक सरोज गर्भवती थी। जिसके गर्भ में पल रहा बच्चा भी इस दुनिया में आने से पहले ही काल के गाल में समा गया। इस घटना के बाद कस्बे में शोक का माहौल रहा। पुलिस ने दोनों शव पीएम के लिए इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र भिजवाए।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter