मुस्लिम युवक को स्वप्न देकर इंदरगढ़ में प्रकट हुई थी मां शीतला, गुरुवार को मनेगा 78वां प्राकट्योत्सव,छप्पन भोग का होगा आयोजन

Datia News : दतिया। नगरवासियों की आस्था की केंद्र प्रसिद्ध मां शीतला का 78वां प्राकट्य दिवस आज 29 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा। नगर के मुख्य बाजार में शीतला माता का मंदिर स्थित है। जहां हर वर्ष श्रद्धालुजन मां का प्राकट्योत्सव पूर्ण श्रद्धाभाव के साथ मनाते हैं।

इस बार भी कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए मंदिर पर विशेष आयोजन किया जाएगा। मंदिर के पुजारी अंशुल दांतरे ने बताया कि गुरुवार 29 जुलाई को माता रानी के दरबार में 56 भोग का आयोजन होगा। जिसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंदिर आने वाले भक्तों से अपील की गई है कि कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए शारीरिक दूरी बनाकर मास्क लगाकर ही मां शीतला के दर्शन करने के लिए आएं।

इंदरगढ़ के बुजुर्गों की मानें तो 78 वर्ष पूर्व मुस्लिम समुदाय के युवक को सपना देकर मां शीतला की मूर्ति प्रकट हुई थी। जिसके बाद नगर वासियों ने मंदिर बनाकर शीतला माता की मूर्ति की स्थापना कराई। हर वर्ष यहां धूमधाम से माता रानी का प्राकट्य उत्सव मनाया जाता है।

मान्यता है कि मां शीतला मंदिर की स्थापना से पूर्व इंदरगढ़ सहित अन्य आसपास के क्षेत्र में चेचक की बीमारी फैली हुई थी। आम लोग इस बीमारी से काफी परेशान थे। इस दौरान मां ने एक मुस्लिम युवक को स्वप्न दिया था।

स्वप्न में बताए गए स्थान से मां शीतला की मूर्ति मिली थी, जिसकी नगरवासियों ने पूरी श्रद्धाभाव के साथ स्थापना कराई। मंदिर स्थापना के बाद ही क्षेत्र में फैली चेचक की बीमारी का भी अंत हो गए। इसके बाद से मां शीतला के प्रति लोगों में अगाध श्रद्धा बढ़ गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!