MP News: 75 लाख किसानों को फायदा, शिवराज सरकार ने खाते में डाले 1500 करोड़ रुपए

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में किसान मित्र सरकार है। किसान की फसल के एक-एक दाने का उपार्जन किया जाएगा। उपार्जन और ऋण वापसी की अंतिम तिथियाँ बढ़ा दी गई हैं। किसान को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने किसानों और किसान संगठनों से अपील की है कि कोरोना के विरुद्ध चल रही लड़ाई में सहयोग करें। संक्रामक रोग होने के कारण सरकार अकेले दम पर नहीं जीत सकती। मुख्यमंत्री चौहान आज 75 लाख किसानों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 1500 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से जमा कर वीडियो कॉन्फ्रेंस के द्वारा किसानों को मुख्यमंत्री निवास से संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल भी प्रदेश के किसानों सहित वेब लिंक से जुड़े।

मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि छोटे किसान अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति में ही उपज का उपयोग कर लेते हैं। उनको खरीदी योजनाओं के लाभ नहीं मिल पाते हैं। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में 4 हजार रुपए देने की व्यवस्था गत वर्ष से की गयी है। इस योजना में आज 75 लाख किसानों को 1500 करोड़ रुपए किसानों के खाते में अंतरित किये गये।

प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि वरदान

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि छोटे किसानों के लिए वरदान है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 78 लाख किसान हैं, जिनमें से केवल 24 लाख किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का फायदा मिल पाता है। प्रधानमंत्री की योजना से आधे एकड़ के किसानों को भी वर्ष में 6 हजार रुपए केन्द्र सरकार की ओर से मिलते हैं। योजना में 77 लाख किसानों को लगभग 8 हजार 465 करोड़ रुपए अब तक मिले हैं।

गेहूँ की 90 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा हुई खरीदी

मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि 90 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा गेहूँ और एक लाख मीट्रिक टन से ज्यादा चने की खरीदी हुई है। मसूर भी खरीदी जा रही है। इंदौर संभाग के लिए खरीदी की तिथि 5 मई से बढ़ाकर 15 मई कर दी गई है। अन्य संभागो में 25 मई तक खरीदी होगी।

ऋण चुकाने की तिथि अब 31 मई

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसानों के खाते में समय पर राशि अंतरित हो। कठिनाईयों के बावजूद निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शून्य प्रतिशत ब्याज पर प्राप्त ऋण चुकाने की अंतिम तिथि को 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। इस निर्णय से सरकार द्वारा बैंको को 31 करोड़ रुपए ब्याज के रुप में देने पड़ेंगे।

सावधानी के साथ उपार्जन केन्द्र जायें

मुख्यमंत्री चौहान ने किसानों से अनुरोध किया कि उपार्जन केन्द्र पर केवल जरुरी हो, वही जायें। व्यक्ति पूरी सावधानी के साथ मास्क लगाकर जाए। सामाजिक दूरी के साथ कार्य करें। निरंतर हाथों को सेनेटाइज करते रहें।

खरीदी कार्य से जुड़े व्यक्तियों की सराहना

मुख्यमंत्री चौहान ने सहकारिता, खाद्य, मंडी के मजदूरों, हम्मालों एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अपने जीवन को संकट में डाल कर खरीदी कार्य जारी रखने के लिए बधाई दी।

किसान मित्र सरकार

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की सरकार किसान मित्र सरकार है। खरीफ फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए राहत का वितरण सरकार द्वारा किया गया है। फसल बीमा की राशि भी किसानों के खातों में शीघ्र जमा होगी। सरकार का पूरा प्रयास है कि किसान परेशान नहीं हो।

सरकार कठिन परिस्थितियों में भी किसानों के साथ

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि सारा देश और दुनिया कोविड के संकट से जूझ रही है। सरकार का राजस्व भी आधा रह गया है। कोविड रोगियों के उपचार पर भारी धनराशि व्यय हो रही है। मरीजों का उपचार सरकार की प्राथमिकता और धर्म है। सरकार उसका पालन कर रही है। ऐसी कठिन परिस्थतियों में भी सरकार किसानों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार विकट परिस्थतियों के बावजूद किसानों के साथ लगातार खड़ी है। उनके कल्याण के कार्य कर रही है। आगे भी यह कार्य होगे, जिनका उल्लेख समय पर किया जाएगा।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter