दुबई/भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के यूएई दौरे के तीसरे दिन राज्य को वैश्विक निवेश के मोर्चे पर ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी है। वन-टू-वन बैठकों और उच्चस्तरीय व्यापारिक संवाद के दौरान राज्य को ₹53,000 करोड़ से अधिक के बड़े निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इसी बीच, राज्य की निवेश संवर्धन एजेंसी ‘मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम’ (MPIDC) को ‘एआईएम इन्वेस्टमेंट अवॉर्ड्स 2026’ में एशिया की सर्वश्रेष्ठ निवेश संवर्धन एजेंसी के रूप में ‘Winner Asia’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यूएई के विदेश व्यापार मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।
इन दो विशाल परियोजनाओं से बदलेगा एमपी का परिदृश्य :-
-
राणा होल्डिंग्स लिमिटेड (लगभग ₹35,200 करोड़ / 4 बिलियन डॉलर) : कंपनी के चेयरमैन डॉ. दर्शन सिंह राणा ने राज्य में 2,000 मेगावॉट सौर ऊर्जा, 200 मेगावॉट ग्रीन हाइड्रोजन संयंत्र, 50 मेगावॉट (200 मेगावॉट तक विस्तार योग्य) एआई कंप्यूट डेटा सेंटर, 30,000 एमटीपीए क्षमता का क्रिटिकल मिनरल्स रिकवरी कॉम्प्लेक्स और एकीकृत स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करने की योजना प्रस्तुत की।
-
NIDI सर्विसेज / SCNELL LLC (लगभग ₹18,000 करोड़ / 1.5 से 2 बिलियन डॉलर) : कंपनी ने मध्य प्रदेश में औद्योगिक स्तर का एआई कंप्यूट कैंपस और सॉवरेन एआई फैक्ट्री स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसकी शुरुआती क्षमता 50 मेगावॉट होगी और इसे भविष्य में 100 मेगावॉट तक बढ़ाया जाएगा।
ग्लोबल दिग्गजों से राउंड-टेबल व वन-टू-वन संवाद:
-
एमार प्रॉपर्टीज: डाउनटाउन दुबई और बुर्ज खलीफा के मॉडल का अवलोकन करते हुए सीएम ने संस्थापक मोहम्मद अलाब्बार से इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन कॉरिडोर में टाउनशिप व मिक्स्ड-यूज अर्बन प्रोजेक्ट्स में निवेश पर चर्चा की।
-
बीईईएएच (BEEAH): समूह के सीईओ खालिद अलहुरैमल से वेस्ट-टू-एनर्जी और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट में इंदौर मॉडल आधारित सहयोग पर बात हुई।
-
लॉजिस्टिक्स व हेल्थकेयर: डीपी वर्ल्ड के साथ पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स हब, प्योर हेल्थ के साथ सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल, शराफ ग्रुप के साथ मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और चोइथराम्स के साथ फूड प्रोसेसिंग पर रणनीति बनी।
-
शिक्षा व अन्य क्षेत्र: जेम्स एजुकेशन से स्कूल व एडटेक, केजीके ग्रुप से डायमंड व जेम्स प्रोसेसिंग, विस्टास मीडिया के साथ वीएफएक्स/एनीमेशन हब और वीएफएस ग्लोबल से भोपाल-इंदौर में वीजा सेवाओं के विस्तार पर सहमति बनी।
‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश’ सत्र में 2027 समिट का न्योता : दुबई में आयोजित विशेष इंटरैक्टिव सत्र में यूएई के उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 11% से अधिक की विकास दर के साथ मध्य प्रदेश देश के प्रमुख विकास इंजनों में शामिल है। पिछले ढाई वर्षों में मिले 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 30% से अधिक प्रोजेक्ट जमीन पर उतर चुके हैं। उन्होंने वैश्विक निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ (GIS-2027) में भाग लेने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

