नगर पालिका वेतन बांट पाने की स्थिति में भी नहीं : सफाई कर्मचारी हड़ताल पर, शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई

Datia news : दतिया। नगर पालिका की तंगहाली का असर अब कर्मचारियों पर पड़ने लगा है। पिछले कुछ माह से नपा कर्मचारियों का वेतन बांटने में भी मुश्किलें खड़ी हो गई है। नतीजा अब नपा कर्मचारी हड़ताल का रास्ता अपना रहे हैं। दो दिन से नपा के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर डटे हैं। जिसके कारण नगर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।

सफाई कर्मियों का कहना है कि जब तक उन्हें वेतन नहीं मिल जाती, वह काम पर वापिस नहीं लौटेंगे। इधर सफाई कर्मियों की हड़ताल ने नपा प्रशासन को परेशानी में डाल दिया है।

दतिया नगरपालिका में पदस्थ सभी सफाई कर्मियों ने अपने वेतन और पीएफ की मांगों को लेकर काम बंद हड़ताल कर मंगलवार को सुबह आठ बजे से गाड़ीखाना पर धरना दिया। वहीं अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी दोपहर एक बजे न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचे।

जहां उन्होंने कलेक्टर संदीप माकिन के नाम एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर सिंडोस्कर को सौंपा। दतिया नपा के करीब चार सौ सफाई कर्मचारी वेतन की मांग को लेकर सोमवार से हड़ताल पर चले गए थे। जिसके बाद मंगलवार को भी हड़ताल जारी रही। कर्मचारी वेतन न मिलने से आक्रोश में नजर आए।

बता दें कि इससे पहले भी कुछ माह पूर्व अपने नियमितिकरण की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी हड़ताल कर चुके हैं। उस दौरान आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई थी। लेकिन पिछले माह से वेतन को लेकर आ रहे परेशानी के चलते एक बार फिर से सफाई कर्मियों ने हड़ताल का रुख अपनाया।

Banner Ad

इस संबंध में सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन द्वारा दो माह से वेतन नहीं दिया गया है। साथ ही सात माह से उनका जीएफ भी जमा नहीं किया जा रहा है। वेतन न मिलने से वह भूखों मरने की कगार पर हैं।

उन्होंने इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन को भी कुछ दिन पूर्व एक आवेदन दिया था। जिसमें नगरपालिका प्रशासन को तीन दिन की मोहलत दी गई थी। लेकिन नगर पालिका ने उनकी समस्याओं की अनदेखी की जिसके चलते सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और हड़ताल पर चले गए हैं।

फिलहाल सफाई कर्मियों की हड़ताल के बाद नगर की सफाई व्यवस्था पर दो दिन से असर पड़ने लगा है। जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आने लगे हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter