दतिया में साइबर ठगों का नया पैंतरा : ‘जीवन प्रमाण पत्र’ डाउनलोड कराने के बहाने 75 वर्षीय पेंशनर से उड़ाए ₹8.49 लाख

दतिया। जिले में साइबर अपराधियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को निशाना बनाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। ठग ने खुद को बैंक के मुंबई स्थित मुख्यालय का अधिकारी बताकर 75 वर्षीय पेंशनर को ‘जीवन प्रमाण पत्र’ (Life Certificate) डाउनलोड कराने का झांसा दिया। बातों में उलझाकर आरोपी ने बुजुर्ग का आधार विवरण और मोबाइल पर आया ओटीपी (OTP) हासिल कर लिया, जिसके तुरंत बाद उनका स्मार्टफोन हैक हो गया और दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 8 लाख 49 हजार 823 रुपये पार कर दिए गए।

पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत और ऑनलाइन दर्ज हुई जीरो एफआईआर (Zero FIR) के आधार पर स्थानीय पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के जरिए साइबर ठगों का सुराग लगाने में जुटी है।

मुंबई हेड ऑफिस का कर्मचारी बनकर किया कॉल, ओटीपी डालते ही हैक हुआ फोन : बुंदेला कॉलोनी निवासी पीड़ित किशनलाल अहिरवार (75) ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी:

➝ 12 नवंबर की सुबह आया फर्जी कॉल: किशनलाल के अनुसार, 12 नवंबर की सुबह करीब 10:00 बजे वे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से पेंशन संबंधी जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर 8453026385 से कॉल आया।

➝ मदद के नाम पर बिछाया जाल: कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना परिचय सेंट्रल बैंक के मुंबई हेड ऑफिस के कर्मचारी के रूप में दिया और कहा कि वे प्रमाण पत्र गलत प्रक्रिया से डाउनलोड कर रहे हैं। आरोपी ने तकनीकी सहायता देने का झांसा देकर बुजुर्ग से आधार नंबर पूछा और फिर उनके फोन पर आए ओटीपी को पूछकर मोबाइल में दर्ज करने को कहा।

➝ तत्काल नियंत्रण में लिया डिवाइस: बुजुर्ग द्वारा निर्देशानुसार ओटीपी दर्ज करते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और स्क्रीन का एक्सेस साइबर ठगों के पास चला गया।

दतिया और ग्वालियर के बैंक खातों से निकाले ₹8.49 लाख : मोबाइल हैक करने के कुछ ही मिनटों के भीतर ठगों ने बुजुर्ग के दो अलग-अलग बैंकों में जमा राशि को निशाना बनाया:

➝ सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया: गांधी रोड, दतिया स्थित बैंक शाखा के खाते से ₹2 लाख 72 हजार 973 की राशि अवैध रूप से निकाल ली गई।

➝ आईसीआईसीआई बैंक (पीपीएफ खाता): पिंटो पार्क, ग्वालियर स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा के पीपीएफ (PPF) खाते से ₹5 लाख 76 हजार 850 ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए। दोनों खातों से कुल ₹8 लाख 49 हजार 823 कटने के संदेश मिलने पर बुजुर्ग को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!