एमपी के 1.22 लाख मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए मिलेंगे ₹25-25 हजार: 1 सितंबर को सीएम डॉ. मोहन यादव 304 करोड़ की राशि करेंगे ट्रांसफर

भोपाल। मध्यप्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 सितंबर को प्रदेश भर के लगभग 1 लाख 22 हजार मेधावी छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में लैपटॉप क्रय करने हेतु ₹25-25 हजार की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये की यह राशि भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में वितरित की जाएगी।

75% या अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों को सीधा लाभ : स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ के तहत यह वित्तीय सहायता दी जा रही है। योजना के प्रावधानों के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षा में पहले ही प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले नियमित विद्यार्थियों को इस योजना का पात्र माना गया है।

डिजिटल लर्निंग और उच्च शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च व तकनीकी शिक्षा के लिए जरूरी डिजिटल संसाधन मुहैया कराना है। लैपटॉप की उपलब्धता से होनहार छात्र ऑनलाइन स्टडी मटेरियल, ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म्स, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल कौशल विकास का अधिकतम लाभ उठा सकेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter