कुलैथ के 5 बीघा खेत में हो रही अफीम की खेती नारकोटिक्स टीम ने पकड़ी

जेसीबी और ट्रैक्टर चलाकर कराई गई नष्ट, संदेही गिरफ्तार

इंदरगढ़इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुलैथ में सरसो की फसल के बीच बड़े भूभाग में की जा रही अफीम की खेती सोमवार को नारकोटिक्स विभाग की टीम ने पकड़ा है। कुलैथ में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को लेकर ग्वालियर नारकोटिक्स विभाग को सूचना मिली थी। विभाग के दो अधीक्षकों की मौजूदगी में टीम ने छापामार कार्रवाई कर खेत में करीब पांच बीघा में लगे अफीम के पौधों को जेसीबी और ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कराया। इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है। नष्ट कराई गई अफीम की फसल करीब 2 करोड़ रुपये की बताई गई है। वहीं बताया जाता है नारकोटिक्स टीम के कुछ सदस्यों ने कुलैथ पहुंचकर रविवार शाम को ही अफीम की खेती को अपने कब्जे में ले लिया था, जिसकी सूचना पर अगले दिन वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को गांव पहुंचकर फसल नष्ट कराने की कार्रवाई की।

इंदरगढ़ तहसील एवं लांच थाना क्षेत्र से 2 किलोमीटर की दूरी पर िस्थत ग्राम कुलैथ में सोमवार दोपहर नारकोटिक्स विभाग ग्वालियर के करीब एक दर्जन वाहनों से पहुंचे टीम के सदस्यों ने आनन फानन में गांव के खेत में छानबीन शुरू की। जहां खड़ी सरसो की फसल के बीच अफीम की खेती मिली। जिसे नारकोटिक्स टीम ने अपने कब्जे में लेकर पंचनामा रिपोर्ट तैयार कर, फसल की कीमत का आंकलन कर उसे नष्ट कराने की कार्रवाई की गई। करीब 5 बीघा के खेत में यह अफीम की खेती की जा रही थी। पकड़ी गई फसल 4 से 6 माह पुरानी बताई गई है।

पट्टे की जमीन पर हो रही थी खेती

कुलैथ के ग्रामीण ने बताया कि 50 बीघा का खेत 15 लोगों के नाम पर दर्ज है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह अफीम की खेती कौन कर रहा था । इस मामले में 2 लोगों के नाम सामने आए हैं। एक संदेही पंकज व्यास पुत्र मुन्नी व्यास काे नारकोटिक्स टीम ने हिरासत में लिया है। छापामार टीम के साथ आए अधिकारियों ने पटवारी को भी मौके पर बुलाकर इस संबंध में जानकारी ली है। वहीं हिरासत में लिए संदेही से भी कुछ खास जानकारी टीम को नहीं मिल सकी है।

छापामार टीम में नारकोटिक्स अधीक्षक द्वय आरपी सिंह, ओंकार मिश्रा, पीके दीक्षित, निरीक्षक मन्नू शर्मा, कन्हैया लाल, सुधीर मिश्रा, मोहित नायक, हेमाकुमार गोस्वामी, राजेंद्र सिंह, आरएन मंगल, मनीष त्रिपाठी, मोहम्मद इस्माइल खान, लोकेंद्र शामिल रहे। लांच थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि पंडित की कोठी के पास यह छापामार कार्रवाई नारकोटिक्स टीम ने की है। इस दौरान खेत की नपाई के साथ खेत मालिकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

इनका कहना है-

मुखबिर की सूचना पर विभाग ने रविवार शाम 6 बजे ही अफीम की खेती को अपने कब्जे में ले लिया था। जिसे सोमवार को जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से अफीम की फसल को नष्ट कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। – आरपी सिंह, नारकोटिक्स पुलिस अधीक्षक ग्वालियर

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter