Ground Report : मंच पर भावुक हुए नरोत्तम, तो समर्थकों की आंखें भी हुईं नम; सभा में देर तक गूंजते रहे “दादा हम आपके साथ हैं” के नारे!

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन के बाद आयोजित विशाल जनसभा में राजनीतिक संदेशों के साथ भावनाओं का भी अनोखा दृश्य देखने को मिला। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा अपने संबोधन के दौरान कई बार भावुक नजर आए। उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उन्हें संगठन ने बहुत सम्मान दिया है और अब उनका पूरा प्रयास आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने का रहेगा।

“पार्टी ने मुझे सब कुछ दिया, अब आशुतोष को जिताना मेरा दायित्व” : अपने संबोधन में डॉ. मिश्रा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें लगातार 30 वर्षों तक विधायक और 15 वर्षों तक मंत्री बनने का अवसर दिया। इससे बड़ा सम्मान उनके लिए कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे अब किसी पद या दायित्व की अपेक्षा नहीं रखते, बल्कि पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में घर-घर जाकर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।

सभा में गूंजता रहा- “दादा हम आपके साथ हैं” : जैसे-जैसे डॉ. मिश्रा भावुक होकर बोलते गए, सभा में मौजूद समर्थकों की भावनाएं भी खुलकर सामने आती रहीं। बुंदेलखंड में डॉ. नरोत्तम मिश्रा को स्नेहपूर्वक “दादा” कहकर संबोधित किया जाता है। उनके भाषण के दौरान कई बार “दादा हम आपके साथ हैं” के नारे गूंजे। मंच पर कैमरों की नजरें डॉ. मिश्रा पर थीं, लेकिन सभा में मौजूद अनेक समर्थक भी भावुक दिखाई दिए।

विपक्ष पर भी साधा निशाना : अपने भाषण में डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर तंज कसते हुए उन्हें “एक्सपायरी डेट की होम्योपैथी की गोली” बताया और कहा कि वह मीठी तो होती है, लेकिन असर नहीं करती। उन्होंने दतिया के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वे पहली बार विधायक बने थे तब यहां तांगे चलते थे, जबकि आज दतिया में हवाई जहाज उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दतिया को शांति और विकास की नई पहचान दी है।

मुख्यमंत्री ने दिया बड़ा भरोसा : सभा समाप्त होने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दोबारा माइक संभालते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से दतिया के ऐतिहासिक लाला का ताल के जीर्णोद्धार के लिए 1-2 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि “1-2 करोड़ की बात क्यों करते हैं, दतिया के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हैं।” मुख्यमंत्री के इस बयान पर सभा स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

स्थानीय बनाम बाहरी कार्यकर्ताओं की भी रही चर्चा : सभा के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी रही कि कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं की तुलना में आसपास के क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक दिखाई दी। हालांकि इस संबंध में किसी भी दल की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई।

उपचुनाव में बढ़ा चुनावी तापमान : दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब भाजपा के आशुतोष तिवारी, कांग्रेस के घनश्याम सिंह और आज़ाद समाज पार्टी के दामोदर यादव के बीच मुकाबला तय हो चुका है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी दलों ने पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में चुनावी सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter