नौतपे के पहले दिन ही आसमान से बरसे ओले, तेज आंधी के साथ सुबह हुई बारिश, सूरज के तेवर पड़े ढीले

Datia news : दतिया। बुधवार को नौतपा के पहले दिन ही आसमान से ओले बरस पड़े। वहीं कुछ समय की बारिश ने धूप की गर्मी को कम कर दिया। एक बार फिर मौसम बदला, जिसके बाद कुछ देर के लिए शहर सहित ग्रामीण अंचल में तेज बारिश हुई। इस दौरान भांडेर क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ करीब 3 से 5 मिनट तक चने बेर के आकार के ओले आसमान से बरसे। जिसके कारण मौसम में ठंडक घुल गई।

इधर शहर में भी सुबह करीब 6 बजे के बाद कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई। जिससे मौसम में बदलाव नजर आया। बारिश के बाद सुबह निकलने वाली धूप से मौसम उमस भरा हो गया। वहीं लगातार बिजली गुल होने की समस्या ने भी लोगों को परेशान किया। शहर के कुछ मोहल्लों में सुबह से गई बिजली समाचार लिखे जाने तक नहीं आई थी। जिसके कारण लोग उमस से बेहाल नजर आए। मौसम में बदलाव की स्थिति 26 मई तक रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण यह सभी परिवर्तन हो रहे हैं।

नौतपे के पहले दिन ही सूर्य के तेवर पड़े ढ़ीले : बुधवार 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा का पहला दिन है बारिश और ओलावृष्टि के कारण ज्यादा गर्म नहीं रहा। सुबह भी बादलों से घिरे सूर्य के तेवर ढीले नगर आए। जिसके कारण धूप में उमस का एहसास रहा। पिछले 3 दिन से शहर का मौसम बदला हुआ है। मौसम परिवर्तन के कारण दिन के तापमान में भी 5 से 6 डिग्री की गिरावट आई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter