NCC भवन में 225 कैडेटों को दी स्पेशल ट्रेनिंग, 5 दिवसीय सालाना ट्रेनिंग कैंप संपन्न

राष्ट्रीय कैडेट कोर के दिल्ली निदेशालय की 2 दिल्ली गर्ल्स बटालियन द्वारा आयोजित 22 फरवरी से शुरू हुआ पांच दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को संपन्न हो गया.

दिल्ली के रोहिणी स्थित एनसीसी भवन में आयोजित एनसीसी के शिविर की जानकारी देते हुए एनसीसी दिल्ली निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल आरके माथुर ने बताया कि एनसीसी के इस शिविर में 2 दिल्ली गर्ल्स बटालियन से छात्रा और 1 आर्म्ड स्क्वाडन से छात्र कैडेटों ने हिस्सा लिया.

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बी और सी सर्टिफिकेट की परीक्षा में बैठने वाले कैडेटों को प्रशिक्षित करना है. इस शिविर के दौरान कुल 223 कैडेटों ने मेप रीडिंग, वेपन ट्रेनिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट और बाधा दौड़ प्रशिक्षण समेत काफी विषयों की जानकारी प्राप्त की. कैम्प कमानडेंट कर्नल रवि शर्मा, वरिष्ठ जीसीआई सतवती, सूबेदार मेजर कृष्ण कुमार, आरएम सत्यपाल सिंह के मार्गदर्शन में कैडेटों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया.

2 दिल्ली गर्ल्स बटालियन के सीओ और कैम्प कमानडेंट कर्नल रवि शर्मा ने बताया कि कैंप के दौरान कोरोना के तमाम प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया गया. इस शिविर के दौरान एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल तरुण कुमार आइच ने भी शिविर का दौरा किया.

गौरतलब है कि अप्रैल में जहां एनसीसी की बी सर्टिफिकेट की परीक्षा आयोजित होनी है, तो वहीं मई महीने में सी सर्टिफिकेट की परीक्षा. ऐसे में कैडेटों के परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिल्ली निदेशालय द्वारा इस तरह का आयोजन किया गया.

एनसीसी का बी और सी सर्टिफिकेट कैडेटों को भविष्य में काफी सहायक सिद्ध होगा. इसके जरिए न केवल कैडेट सेना में सीधे साक्षात्कार के लिए भी पहुंच सकते हैं और अब तो बहुत सी नौकरियों में एनसीसी के इन प्रमाण पत्रों के अतिरिक्त अंक भी प्रदान किए जाते हैं.

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter