जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष चुनाव में कांटे की टक्कर, राजेश सक्सेना 14 वोट से जीते, उपाध्यक्ष पर द्विवेदी विजयी

Datia News : दतिया। जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष पद के लिए कांटे की टक्कर रही। इस पद के लिए हुए मतदान के बाद मतगणना देर रात तक चली। अध्यक्ष पद के लिए शिवराज सिंह जाट, राजेश सक्सेना और अशोक सिजरिया के बीच कांटे का मुकाबला रहा। कांटे की टक्कर में राजेश सक्सेना 14 मतों से विजयी रहे। उन्हें 137 मत प्राप्त हुए। इस पद को लेकर देर रात तक कशमकश रही।

जिला अभिभाषक संघ चुनाव रविवार को संपन्न हुए। इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सहसचिव, पुस्तकालय अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। चुनाव के दौरान अभिभाषकों ने मतदान किया। देर शाम इन पदों का चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार जिला अभिभाषक संघ के उपाध्यक्ष पद पर बृजेंद्रनाथ द्विवेदी 92 मतों से विजयी घोषित किए गए। उन्हें 224 मत प्राप्त हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी नरेंद्र कोहली को 132 मिले। सहसचिव पद पर अजय शिवहरे विजयी रहे। उन्हें 198 मत मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंदी गौरव शर्मा को 154 वोट ही मिल सके।

कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवार आनंद पटवा 314 मत पाकर विजयी रहे। उन्होंने अरविंद वैध को 34 मतों से पराजित किया। पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर देवेंद्र शर्मा 254 मतों के साथ विजयी रहे।

उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी राकेश गौतम को 93 मतों से परास्त किया। कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव में विजयी रहे उम्मीदवारों में अभिषेक कांकोरिया को 254 मत मिले। जबकि बृजेंद्र सिंह बैस को 227, नीरज चतुर्वेदी को 206, यशवर्धन बुंदेला को 205, शहजाद खान 193 मत पाकर विजयी रहे।

अध्यक्ष पद के लिए देर रात तक चली मतगणना

जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष पद के लिए हुई कांटे की टक्कर में मतगणना भी देर रात तक हुई। सबसे पहले अन्य पदों के लिए डाले गए वोटों की गिनती हुई। जिसके बाद अध्यक्ष पद के लिए मतगणना शुरू हुई।

जो करीब 11 बजे तक चली। इस पद के लिए शिवराज सिंह जाट, राजेश सक्सेना और अशोक सिजरिया मैदान में थे। जिनके बीच कांटे का मुकाबला रहा। कांटे की टक्कर में राजेश सक्सेना 14 मतों से विजयी रहे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter