काठमांडू : नेपाल में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से देश के विभिन्न हिस्सों में अब तक मृतकों की संख्या बढ़कर 88 तक पहुंच गई है। यह जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई है। आपदा प्रबंधन प्रभाग के अनुसार, अब तक 30 लोग लापता हैं। नेपाल के जिले पांचथर में सबसे ज्यादा 27 लोगों की मौत हुई है। बाढ़ के कारण राज्य के प्रभावित इलाकों में अफरा तफरी का आलम है। लोग बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित इलाम और दोटी में 13-13 लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले तीन दिन से हो रही बारिश के कारण आई बाढ़, भूस्खलन और जलप्लावन से देश के विभिन्न हिस्सों में अब तक कम से कम 88 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार सुबह 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। नेपाल के 20 जिले प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हैं। बझाड़ जिले में 21 लोग लापता हैं।
आपदा कार्य से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार से मौसम की स्थिति में सुधार हुआ है। इस बीच गृह मंत्री बालकृष्ण खंड ने नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, राष्ट्रीय अन्वेषण विभाग और नेपाली सेना को हुमला जिले में फंसे हुए पर्यटकों को निकालने का निर्देश दिया है।
काठमांडू से 700 किलोमीटर पश्चिम में स्थित नखला और हुमला जिले में 12 लोग फंसे हैं, जिनमें चार स्लोविनिया के नागरिक और तीन गाइड शामिल हैं।
लिमि क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण सड़क अवरुद्ध होने से वे लोग फंस गए हैं। हुमला के मुख्य जिला अधिकारी गणेश आचार्य ने कहाकि वे लोग लिमि में पर्वतारोहण करने के बाद सिमिकोट वापस आ रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार से भारी हिमपात हो रहा है और बुधवार से मौसम खराब होने के चलते बचाव कार्य नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान के लिए स्थानीय प्रशासन ने गृह मंत्रालय से हेलीकॉप्टर मांगा है।
इधर प्रभावित इलाकों में शासन प्रशासन की ओर से बचाव दल सक्रिय हैं। जो बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। नेपाल में भारी बारिश के कारण आई इस तबाही से काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।


