आनलाइन ठगी का नया तरीका : धार्मिक स्थलों के नाम पर मोबाइलों पर आ रहे फर्जी काल, पंडोखरधाम ट्रस्ट ने सतर्कता बरतने को कहा

Datia news : दतिया। धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल अब साइबर ठग अपनी कमाई के लिए करने लगे हैं। प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों से जुड़े लोगों के नंबरों पर फर्जी कोल कर वह दान राशि व सहयोग देने के लिए कहते हैं।

धार्मिक स्थल से जुड़े लोग कई बार ऐसे ठगों के झांसे में भी आ जाते हैं। लेकिन जब इस तरह के मामले सामने आए तो इन स्थानों की ओर से आमजन को सतर्क रहने के लिए कहा जाने लगा है।

रतनगढ़ माता मंदिर के बाद अब पंडोखरधाम के नाम पर भी आनलाइन नगद चढ़ावे को लेकर फर्जी काल करने वालों का मामला सामने आया है। इसे लेकर धाम की ओर से भी संबंधित फोन कोल करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है।

पंडोखर सरकार धाम ट्रस्ट के संस्थापक एवं सचिव मुकेश गुप्ता सागर ने बताया कि पंडोखरधाम की तरफ से कभी भी आनलाइन दान या अन्य किसी प्रकार के नगद चढ़ावे के लिए फोन नहीं किया जाता है।

यदि कभी किसी के साथ ऐसा घटित होता है कि किसी ने फोन कर आनलाइन नगद चढ़ावे की मांग की है, तो स्व विवेक के आधार पर संबंधित कालकर्ता के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करें।

मुकेश गुप्ता ने बताया कि अक्सर शिकायतें मिल रही हैं कि पंडोखरधाम के भक्तों के पास ऐसे कोल या मैसेज पहुंचते हैं, जिसमें पंडोखरधाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज से मुलाकात, ट्रस्ट के नाम से चंदा आदि की बात कर श्रद्धालुओं को गुमराह करने या ठगने का कार्य किया गया।

उन्होंने इस संबंध में एक मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सीतापुर उप्र निवासी रजनीश को किसी अनजान नंबर से फोन कर धाम के नाम पर गुमराह करने का प्रयास किया गया।

इसी प्रकार धाम के एक अन्य भक्त अनुपम मिश्रा को ठगने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि पंडोखरधाम पर आया कोई भक्त यदि धाम को कोई दान देता है तो बाकायदा उसकी रसीद दानदाता को दी जाती है।

इसके अलावा जन्म शक्ति पुंज बरहा मानव कल्याण संस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट के अधिकृत बैंक खाते में ही आनलाइन या ट्रस्ट की रसीद के माध्यम से ही नगद दान स्वीकार किया जाता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter