नए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को 2 शिफ्ट में काम करने के दिए निर्देश

नई दिल्ली : नौकरशाह से नेता बने अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को देश के नए रेल मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण के साथ अपने कार्यालय के अधिकारियों को नौ-नौ घंटे की दो पालियों में काम पर आने का निर्देश दिया है। इस आशय का एक आदेश रेल मंत्रालय के अलावा संचार, इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के दफ्तर से भी जारी किया गया था।

आदेश में कहा गया कि माननीय रेल मंत्री ने निर्देश दिया है कि रेल मंत्री सेल के सभी अधिकारी और कर्मचारी तत्काल प्रभाव से दो पालियों यानी सुबह सात बजे से शाम चार बजे और दोपहर बाद तीन बजे रात 12 बजे तक काम करेंगे।

1994 बैच के आइएएस अधिकारी रहे वैष्णव ने 15 वर्षों से अधिक समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को संभाला है। वे विशेष रूप से बुनियादी ढांचे में सार्वजनिक-निजी भागीदारी ढांचे में उनके योगदान के लिए जाने जाते हैं।

उन्होंने जनरल इलेक्टि्रक और सीमेंस जैसी प्रमुख वैश्विक कंपनियों में नेतृत्व की भूमिकाएं भी निभाई हैं। वैष्णव ने पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से एमबीए और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) कानपुर से एम.टेक किया है।

उनके पास संचार और इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी के दो अन्य महत्वपूर्ण विभाग भी होंगे। वैष्णव ने कार्यभार संभालते हुए कहा पिछले 67 वर्षों में रेलवे में उत्कृष्ट काम किया गया है। मैं यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाने के लिए हूं। –

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter