अच्छी खबर : कोरोना के बावजूद पिछले तीन वर्षों में लगभग छह गुना बढ़ा मक्का निर्यात

नई दिल्ली : चालू वित्त वर्ष 2021-22 (अप्रैल-जनवरी) के पहले दस महीनों में मक्का निर्यात करीब 816 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान अर्जित 635 मिलियन डॉलर से अधिक है. वित्त वर्ष 2019-20 में 142.8 मिलियन डॉलर का निर्यात हासिल करने के बाद से, मक्का निर्यात लगभग छह गुना बढ़ गया, जिससे कोविड-19 महामारी के बावजूद पिछले तीन वर्षों में निर्यात का कुल मूल्य लगभग 1594 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया. बांग्लादेश और नेपाल जैसे पड़ोसी देश भारत से मक्का के प्रमुख आयातक हैं.

नए बाजारों की खोज करने के लिए वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की पहल के साथ, वियतनाम मक्का के निर्यात के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभरा है। भारत ने चालू वित्त वर्ष के पहले दस महीनों (अप्रैल-जनवरी 2021-22) में वियतनाम को लगभग 244 मिलियन डॉलर का मक्का निर्यात किया. अन्य प्रमुख आयातक देश मलेशिया, म्यांमार, श्रीलंका, भूटान, ताइवान, ओमान हैं.

मक्का जिसे वैश्विक रूप से अनाज की रानी के रूप में जाना जाता है, कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के दायरे में आने वाली वस्तुओं के तहत महत्वपूर्ण विदेशी मुद्रा अर्जित करने वाले अनाज के रूप में उभरा है.

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter