नीति आयोग ने की सीएम राइज स्कूल योजना की सराहना : उपाध्यक्ष नीति आयोग ने जानी मप्र शासन की उपलब्धियाँ एवं अपेक्षाएँ

भोपाल : मध्यप्रदेश राज्य (बेस्ट प्रेक्टिसेस) के संबंध में उपाध्यक्ष नीति आयोग, भारत सरकार सुमन बेरी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें  बेरी ने राज्य के विभिन्न विभागों के प्रमुखों से चर्चा की एवं विभागीय उपलब्धियों और अपेक्षाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मुख्य सचिव  इकबाल सिंह बैंस ने प्रदेश में किए जा रहे विभागीय कार्यों का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार की नीति एवं योजनाओं पर प्रकाश डाला। 

उपाध्यक्ष नीति आयोग बेरी ने राज्य सरकार की बहुआयामी सीएम राइज स्कूल योजना की सराहना की एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति सुधार को लेकर किए जा रहे कार्यों को जाना। बेरी ने नगरीय प्रशासन विभाग को इंदौर के लगातार स्वच्छता में अव्वल रहने के लिए सराहना की और इस सफलता के मुख्य कारकों की जानकारी ली।

बेरी ने पर्यटन से मध्यप्रदेश में रोजगार के अवसरों की संभावनाओं की जानकारी ली और जीडीपी में योगदान पर चर्चा की। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने कृषि उपज निर्यात संवर्धन, ई-गिरदावरी एवं किसानों की उपज बेचने में सहायक फॉर्म गेट एप के बारे में तथा स्वास्थ्य विभाग ने मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य के साथ एनीमिया रोग के नियंत्रण को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी नीति आयोग को दी।

उपाध्यक्ष, मप्र राज्य नीति एवं योजना आयोग प्रो. सचिन चतुर्वेदी ने मप्र में इंस्टीट्यूशनल फ्रेमवर्क को मजबूत करने एवं सांख्यिकी में व्यापक सुधार के लिए प्रस्ताव नीति आयोग भारत सरकार के समक्ष रखा। 

मप्र शासन के पर्यटन, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, स्कूल शिक्षा, किसान कल्याण एवं कृषि विकास तथा नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव/ प्रमुख सचिव एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। सभी विभागों से समन्वय का कार्य प्रमुख सचिव योजना,आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!