दतिया । केन्द्र सरकार द्वारा बनाया गया कृषि कानून देश के किसानों के हित में है। जिसके तहत अब किसान अपनी फसल की बिक्री पहली बार स्वेच्छा पूर्वक कहीं भी बेच सकता है। इस कानून के आ जाने से किसान को अपनी फसल बेचने के लिए दलालों एवं आढातियों पर निर्भर नहीं रहना पडे़गा। यह बात गृहमंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्रा ने गुरूवार को दतिया के वृन्दावन धाम में नगर पालिका दतिया द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कामगार स्ट्रीट वैण्डर योजना के तहत 250 वैण्डरों को 25 लाख की राशि वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यक्रम में प्रत्येक वैण्डर को 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की।
गृहमंत्री ने कार्यक्रम मंे कहा कि किसी भी गरीब को बिना छत के नहीं रहने दिया जाएगा, सभी गरीबों को पक्के आवास प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहाकि कोरोना काल में छोटा-मोटा काम करने वाले लोगों का व्यवासय बंद हो गया था, जिसे पुनः खड़ा करने के लिए मुख्ममंत्री कामगार स्ट्रीट वैण्डर योजना शुरू की गई है। जिसके तहत आज 250 वैण्डरों को बिना ब्याज के 25 लाख की राशि उपलब्ध कराई गई है।
डाॅ. मिश्रा ने किसान कानून के बारे में बोलते हुए कहा कि देश का किसान यह समझने लगा है कि जो कानून बनाया गया है वह किसान के हित में है और किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस 25 दिसम्बर को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ की राशि जमा कराई जाएगी। जिसमें 4 हजार करोड़ की राशि राज्य सरकार की शामिल होगी।
उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों को गैस सिलेण्डर, एक रुपये किलो गंेंहूं, चावल एवं नमक देने की योजना भी केन्द्र एवं राज्य सरकार की देन है। डाॅ. मिश्र ने कहाकि 24 जनवरी को दतिया में गरीबों को कंबल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसके लिए गरीबों को राशन कार्ड साथ लाना होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि व गणमान्यजन उपस्थित रहे।

