अब दतिया में बाहर से नहीं आ पाएंगे मुर्गा मुर्गियां, कलेक्टर ने लगाई रोक, फिर मिले मृत कौवा, बतख, मोर

दतिया। दतिया में बर्डफ्लू की पुष्टि के बाद कलेक्टर संजय कुमार ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले में बाहर से आने वाले मुर्गा मुर्गियों के परिवहन पर 15 दिन के लिए रोक लगा दी है। इस अादेश के बाद 25 जनवरी तक दतिया जिले में मुर्गा मुर्गियों का परिवहन प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही दतिया से झांसी और झांसी से दतिया के बीच भी 15 दिन तक पोल्ट्री परिवहन हर तरह बंद रहेगा। जिन पोल्ट्री फार्म पर बर्ड फ्लू का संक्रमण मिलेगा वहां संबंधित अधिकारी व पशु चिकित्सा विभाग पक्षियों के विनिष्टीकरण की कार्रवाई करेगा।

वहीं आम लोगों से भी संक्रमण वाले क्षेत्रों से स्वयं को दूर रखने, आसपास साफ सफाई के साथ बीमार, मृत पक्षियों के संबंध में तत्काल नगरपालिका, ग्राम पंचायत, पशु चिकित्सालय को सूचना देने को कहा गया है। जिले के सभी कुक्कुट बाजार, चिकिन दुकानें, पोल्ट्री फार्म को विसंक्रमित एवं सेनेटाइज करने की जिम्मेदारी नगरीय निकायों को सौंपी गई है।

इधर शहर सहित अंचल में सोमवार को भी मृत पक्षी मिले हैं। दतिया में ज्योति नगर कॉलोनी में मृत कौवा पड़ा मिला। जिसे काफी देर तक कोई उठाने नहीं पहुंचा तो लोगों में भय का माहौल नजर आया। वहीं बर्ड फ्लू की आशंका के बीच हुई एक बतख की मौत भांडेर में हो गई। सोमवार को भांडेर में चिरगांव चुंगी के पास एक बत्तख मृत अवस्था में मिली। घटना की जानकारी छक्कीलाल रजक ने पशु चिकित्सक तथा नपं को दी। 

इसके बाद मौके पर पहुंचकर उस मृत बत्तख का सुरक्षित तरीके से निस्तारण जमीन में गड़वाकर किया गया। बत्तख की मौत का यह पहला मामला है। इधर पंडोखर क्षेत्र के ग्राम धौढ़ में राष्ट्रीय पक्षी मोर के मर जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने पहुंचकर अपने कब्जे में लिया गया। जानकारी के अनुसार ग्राम धौढ़ में टावर के पास एक मोर मृत पड़ी हुई ग्राम के सोनू परिहार ने देखी। जिसकी सूचना तुरंत डीएफओ दतिया प्रियांशी राठौर को दी गई। वन विभाग की टीम ने धौढ् पहुंचकर मृत मोर को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter