दर्दनाक हादसा : एक साल की मासूम बेटी के साथ मां ने दी जान, वहीं युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

मेदिनीनगर : पलामू जिले के सतबरवा थानान्तर्गत रबदा गांव से पुलिस ने मां और उसकी बेटी का शव बरामद किया। सतबरवा थाने के प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि फिलहाल यह नहीं कहा जा सकता है कि यह आत्महत्या है या हत्या। लेकिन पुलिस इस मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने महिला लाखो देवी (25) और उसकी पुत्री मुन्नी (एक वर्ष) के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया है ।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना गत दिवस तड़के लगभग तीन बजे की है। पुलिस ने लगभग पांच बजे शवों को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों के गले में रस्सी के निशान हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लाखो देवी का शव छत से लटका पाया गया जबकि बच्ची का शव खाट पर था और उसके गले में भी निशान था। मामले की सूचना ग्रामीणों ने सतबरवा थाने को दी । थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि महिला के पति जीतन सिंह को हिरासत में लेकर पूछतांछ की जा रही है।

पलामू में युवक ने की खुदकुशी

वहीं झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा में मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।सतबरवा थाने के प्रभारी ने बताया कि युवक त्रिपुरारी सिंह(25) की दिमागी हालत ठीक नहीं थी और वह पहले भी खुदकुशी की कोशिश कर चुका था।

उन्होंने बताया कि युवक कल रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया और सुबह जब उसका कमरा नहीं खुला तो परिजन ने खिड़की से झांका और उसे पंखे से लटका पाया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेजा है, मामले की जांच चल रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter