जम्मू-कश्मीर बैंक केस : ईडी ने दिल्ली में उमर अब्दुल्ला से की पूछताछ

नई दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जम्मू-कश्मीर (जेएंडके) बैंक द्वारा एक इमारत की खरीद से संबंधित मामले में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बृहस्पतिवार को दिल्ली में पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह इमारत करीब 12 साल पहले खरीदी गई थी। उन्होंने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता आज सुबह संघीय जांच एजेंसी के मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका बयान दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय ने इस संबंध में इस साल की शुरुआत में मामला दर्ज किया था।

पूछताछ के बाद उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा?

दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ के बाद जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम और एनसी नेता उमर अब्दुल्ला ने बताया कि ‘उन्होंने (ईडी) मुझ पर कुछ भी आरोप नहीं लगाया. उन्होंने मुझे 12-13 साल पुराने एक मामले की चल रही जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया. जितना हो सकता था मैंने उन्हें उत्तर दिया. अगर उन्हें मेरी जरूरत होगी तो मैं उनकी और मदद करूंगा.’

ईडी का मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के मामले पर आधारित है जिसमें जांच एजेंसी ने जम्मू-कश्मीर बैंक के पूर्व अध्यक्ष मुश्ताक अहमद शेख और अन्य पर गलत काम करने का आरोप लगाया था.

यह आरोप लगाया गया था कि 2010 में जम्मू-कश्मीर बैंक के प्रबंधन ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला में आकृति गोल्ड बिल्डर्स से कथित तौर पर 180 करोड़ रुपये की अत्यधिक कीमत पर एक संपत्ति खरीदी थी. सीबीआई ने कहा था कि यह आरोपियों की सुनियोजित साजिश थी. इसी के आधार पर सीबीआई ने 2021 में बैंक के प्रबंधन और उसके चेयरमैन के खिलाफ मामला दर्ज किया था.

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!