भोपाल/उज्जैन। रंगपंचमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में आमजन के साथ फूलों की होली खेलकर उत्सव मनाया। टॉवर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच से गुलाब के फूल बरसाए और उपस्थित नागरिकों को रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद उज्जैनवासियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव सिंधी कॉलोनी से निकाली गई पारंपरिक गेर (चल समारोह) में भी शामिल हुए। गेर में शामिल श्रद्धालु और नागरिक रंगों और उत्साह में सराबोर नजर आए। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में रंगपंचमी का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया।
टॉवर चौक पर मंच से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि रंगपंचमी का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जीवन में कई रंग होते हैं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण रंग दिलों में बसे प्रेम और सम्मान के होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और वहां मौजूद नागरिकों ने मिलकर प्रसिद्ध गीत “ये देश है वीर जवानों का, अलबेलों का मस्तानों का” भी गाया। इस गीत के साथ पूरा टॉवर चौक देशभक्ति और उत्साह के रंग में रंग गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गीत उन वीर जवानों को समर्पित है जो देश की सीमाओं पर खड़े होकर हमें सुरक्षित वातावरण देते हैं, जिसकी बदौलत हम ऐसे पर्व खुशी से मना पाते हैं।
रंगपंचमी के इस भव्य आयोजन में हजारों लोग एक साथ नाचते-गाते नजर आए। पूरे माहौल में मालवा की परंपरा, संस्कृति और लोक उत्सव की सोंधी खुशबू महसूस की गई। मुख्यमंत्री की मौजूदगी से कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ गया।

