मोबाइल के शक में ग्राम भदोना में चली गोली, पिता-पुत्र घायल, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की छानबीन

Datia News : दतिया। गोराघाट थाना क्षेत्र के गांव भदोना में दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडों के साथ फायरिंग तक हो गई। जिसमें पिता-पुत्र गोली लगने से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति घायल होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज किया है। उक्त विवाद मोबाइल को लेकर होना बताया जाता है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर ग्राम भदोना निवासी राहुल रावत और सोनू रावत में मोबाइल फोन लेने की बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कुछ देर में ही दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडों के साथ गोली चलने तक नौबत आ गई।

फायरिंग में एक पक्ष के सोनू और उसका पिता रमेश रावत गोली लगने से घायल हो गए वहीं चाचा अखिलेश रावत को भी मारपीट में चोटें आई। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पिता-पुत्र की गंभीर हालत के कारण उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

घटना के संबंध में एसडीओपी दीपक नायक ने बताया कि भदोना में एक ही समाज के दो पक्षों में मोबाइल फोन को लेकर विवाद हो गया। विवाद में एक पक्ष के तीन लोग घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं आरोपित दूसरा पक्ष अभी फरार है। जिसका भी एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इनामी आरोपित को पुलिस टीम ने मथुरा से किया गिरफ्तार : गोराघाट पुलिस पिछले 6 वर्ष से फरार आरोपित को मथुरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मथुरा पहुंचकर आरोपित के घर पर दबिश दी। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया लेकिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित पर पांच हजार का इनाम भी घोषित था।

थाना प्रभारी कमलकिशोर गोयल ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि 6 साल से फरार आरोपित फैसल पुत्र वाहिद खान निवासी ग्राम कराहरी छाता थाना शेरगढ़ जिला मथुरा अपने घर पर है। मुखबिर की सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर तत्काल पुलिस टीम गठित कर मथुरा रवाना की गई।

पुलिस टीम ने आरोपित के घर पर दविश तो उसने भागने का प्रयास किया। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपित ने पूछतांछ में अपना नाम फैसल पुत्र वाहिद खान निवासी ग्राम कराहरी छाता थाना शेरगढ़ जिला मथुरा उप्र का होना बताया। आरोपित न्यायालय दतिया के प्रकरण क्रमांक 867/16 धारा 279,337,338 में स्थाई वारंटी था।

जो 6 साल से फरारी काट रहा था। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय दतिया में पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कमल किशोर गोयल, एएसआई भूपेंद्र जाट, एएसआई बलवीर सिंह गुर्जर, प्रधान आरक्षक गजेंद्र भार्गव, राजकुमार, संदीप जाट की भूमिका रही।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter