भारत और श्रीलंका के बीच अब 17 जुलाई से शुरू होगी वनडे सीरीज, जानिए क्यों आगे बढ़ाई गई तारीख

नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच छह मैचों (तीन वनडे व तीन टी-20) की सीमित ओवर की सीरीज के कार्यक्रम में शुक्रवार को बदलाव किया गया। यह बदलाव घरेलू टीम के शिविर में कोविड-19 के पाजिटिव मामले सामने आने के बाद किया गया। दोनों टीमों के बीच अब पहला वनडे मैच 13 जुलाई के बजाय 17 जुलाई को खेला जाएगा।

इंग्लैंड से लौटने के बाद श्रीलंका के बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लावर और डाटा विश्लेषक जीटी निरोशन का कोविड-19 के लिए परीक्षण पाजिटिव पाया गया था, जिसकी वजह से श्रीलंका क्रिकेट को कड़े क्वारंटाइन की अवधि को तीन दिन के लिए बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा।

इस मामले की पुष्टि करते हुए एक बीसीसीआइ अधिकारी ने कहा, ‘हां, अब यह सीरीज 13 जुलाई के बजाय 17 जुलाई से शुरू होगी। खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसएलसी के परामर्श से यह निर्णय लिया गया है।

मूल कार्यक्रम के अनुसार, वनडे सीरीज 13 जुलाई से शुरू होनी थी और इसके अंतिम दोनों मैच 16 व 18 जुलाई को खेले जाने थे। टी-20 सीरीज का आगाज 21 जुलाई को होना था, जबकि इसके अगले दोनों मैच 23 व 25 जुलाई को होने थे। श्रीलंकाई टीम के इंग्लैंड से लौटने के 48 घंटे बाद फ्लावर को पाजिटिव पाया गया था।

वह इंग्लैंड से लौटने के बाद कड़े क्वारंटाइन में हैं। वहीं, निरोशन के पाजिटिव होने की पुष्टि शुक्रवार को हुई। क्वारंटाइन में रह रहे अन्य सभी खिलाड़ियों की भी जांच कराई गई है।

निगेटिव आने से पहले श्रीलंकाई टीम को स्वदेश लौटने के बाद अपनी पीसीआर जांच के नतीजों का बेसर्बी से इंतजार करना पड़ा, क्योंकि रविवार को ब्रिस्टल में दौरे के अंतिम मैच के बाद इंग्लैंड टीम में कई खिलाड़ी कोविड-19 पाजिटिव आए थे। –

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!