एक सुख साधनों से मिलता है, एक सुख साधना से मिलता है – मुनिश्री
दतिया. व्यक्ति को अपने परिश्रम का सदैव निष्कर्ष निकालना चाहिए। दुख से सुख में जाने के प्रयास की बजाय दुर्गुणों से सद्गुणों, बुराई से अच्छाई, पाप-पुण्य की ओर जाने का जतन करना चाहिए। दुख से सुख में जाने में सफलता मिले, यह जरूरी भी नहीं है, लेकिन दुर्गुणों से सद्गुणों में आ गए तो कोई आपको दुखी कर ही नहीं सकता है। यह विचार क्रांतिकारी मुनिश्री प्रतीक सागर ने मंगलवार को सोनागिर स्थित आचार्यश्री पुष्पदंत सागर सभागृह में धर्मसभा में संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

मुनिश्री ने कहा कि यदि जीवन में दुख है तो दुर्गुणों की वजह से है, वह अभिमान, क्रोध, छल कपट, स्वार्थ या लालच के रूप में होते हैं। व्यक्ति क्रोध से क्षमा की ओर चला जाए। वह अनंत असीम आनंद की उपलब्धि प्रदान करता है। सुख को भी दो प्रकार का होना बताते हुए मुनिश्री ने कहा एक सुख साधनों से मिलता है, एक सुख साधना से मिलता है। उन्होंने कहा कि मन खुश है तो तन भी स्वस्थ है। मन को खुश रखने के लिए विवेक, प्रेम, परमार्थ, स्वार्थरहित परोपकार से, सेवा से जुड़ा होना तथा प्रेम से भरपूर रखना जरूरी है। मन की खुशी सदगुणों पर ही निर्भर है। अच्छाइयां यदि व्यक्ति के पास हो तो झोपड़ी में रहने वाला भी महलों जैसा आनंद प्राप्त कर सकता है। मुनिश्री ने कहा कि बुरा करने वाले का भगवान भी भला नहीं कर सकता है और भला करने वाले का भगवान बुरा नहीं होने देते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि आपसे कभी कोई त्रुटि हो जाए तो उसे तत्काल स्वीकार कर लेना चाहिए। एक झूठ को दबाने के लिए सौ झूठ बोलना पड़ते हैं, जिससे शक्ति का अपव्यय होता है। गलती स्वीकार करने वाला कभी परेशान नहीं होता । साथ ही उसका काम भी बिना किसी रुकावट के पूरा हो जाता है। सत्य बोलने से व्यर्थ की चिंताओं से मुक्ति मिलती है। इसलिए हमें अपनी गलतियों को, बुराइयों को स्वयं ही देखने का अभ्यास करना चाहिए।

बालिकाओं ने प्रस्तुत किया मंगलाचरण नृत्यचातुर्मास समिति के प्रचार संयोजक सचिन जैन आदर्श कलम ने बताया कि धर्म सभा के पहले डबरा बालिका मंच की बालिकाओं ने धर्मसभा के प्रारंभ में मंगल चरण नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। बालिकाओं ने मुनिश्री के चरणों में श्रीफल भेंटकर मंगल आर्शीवाद लिया। मुनिश्री के मंगल प्रवचन प्रतिदिन आचार्य पुष्पदंत सागर सभागृह में आयोजित किए जा रहे हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter