किराए के मकान में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा गिरोह : लैपटॉप, 6 मोबाइल व हिसाब-किताब का रजिस्टर जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

इंदरगढ़ (दतिया)। ऑनलाइन जुए और सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ इंदरगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे सट्टे के अड्डे का पर्दाफाश किया है।

पुलिस टीम ने मौके से चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, 6 मोबाइल फोन और सट्टे के लेन-देन का हिसाब दर्ज रजिस्टर बरामद किया गया है। अदालत में पेश करने के बाद तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

​मुखबिर की सूचना पर देर रात मकान में दी दबिश : इंदरगढ़ थाना प्रभारी गौरव शर्मा के अनुसार, 26 अगस्त की दरम्यानी रात पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि लाखन यादव के किराए के मकान में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक होते ही पुलिस बल ने योजनाबद्ध तरीके से चिन्हित मकान पर छापा मारा। दबिश के दौरान चार युवक डिजिटल उपकरणों के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाए गए।

​पकड़े गए आरोपियों की पहचान : गिरफ्तार किए गए आरोपियों की शिनाख्त विकास शर्मा (निवासी बदनपुरा), कृष्णा योगी (निवासी उड़ीना, हाल निवासी सेवढ़ा रोड इंदरगढ़), प्रहलाद चौहान (निवासी कडूरा) और देवेंद्र धाकड़ (निवासी भगुवापुरा) के रूप में हुई है।

​आईटी एक्ट और जुआ अधिनियम में मामला दर्ज : पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टे के काम में इस्तेमाल किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और रजिस्टर जब्त कर लिए हैं। सभी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

​नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए मुख्य आरोपी रिमांड पर : कार्रवाई के उपरांत तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, वहीं मामले के मुख्य सूत्रधार को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस जब्त लैपटॉप और मोबाइल के डेटा व रजिस्टर की प्रविष्टियों की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!