खिरिया गांव में खुलेआम फायरिंग से दहशत : घर के बाहर गाली-गलौज कर युवक ने चलाई गोली, CCTV में कैद आरोपी

दतिया। जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिरिया में गुरुवार रात एक युवक द्वारा घर के पास खड़े होकर गाली-गलौज करते हुए फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूरी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।

पीड़ित पवन कुशवाह (28), पिता पर्वत सिंह कुशवाह, निवासी खिरिया (सिजोरा) ने बड़ौनी थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि वह गुरुवार रात करीब 8:30 बजे अपने परिवार के साथ घर पर खाना खाने के बाद आराम कर रहा था। तभी अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद घर के बाहर एक युवक गाली-गलौज करने लगा, जिससे पूरा परिवार घबरा गया।

गोली की आवाज सुनकर पवन और उसका छोटा भाई रवि कुशवाह बाहर की ओर पहुंचे और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि उनके मकान के पीछे गांव के ही गोविंद कुशवाह, राजेंद्र कुशवाह और राज कुशवाह खड़े थे। वीडियो में गोविंद कुशवाह के हाथ में बंदूक स्पष्ट रूप से नजर आ रही है, जिससे यह साफ होता है कि फायरिंग उसी ने की।

पीड़ित का आरोप है कि गोविंद कुशवाह से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है और वर्चस्व को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। इसी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने जानबूझकर फायरिंग की, जबकि उन्हें यह पूरी जानकारी थी कि इससे किसी की जान भी जा सकती थी। घटना के बाद से पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है।

सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि खुलेआम हथियार लेकर फायरिंग करना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। बड़ौनी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया गया है और उसी के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई बंदूक लाइसेंसी है या अवैध।

थाना पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद खिरिया गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!