दतिया। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर झांसी चुंगी पुल के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड पर जा पलटी। इस हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि महिला समेत तीनों सवार बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और पलटी हुई कार को रास्ते से हटवाया।
ग्वालियर से झांसी लौट रहा था परिवार : जानकारी के अनुसार, झांसी निवासी धर्मेंद्र साहू अपने परिवार के साथ अर्टिगा कार (क्रमांक UP 93 CF 9193) में सवार होकर ग्वालियर से झांसी लौट रहे थे। दतिया सीमा में झांसी चुंगी पुल से आगे दीक्षित गार्डन के पास पहुंचते ही कार अचानक बेकाबू हो गई। चालक वाहन पर नियंत्रण हासिल कर पाता, इससे पहले ही कार हाईवे की रेलिंग को तोड़ती हुई तेज गति से दूसरी ओर सर्विस रोड पर पलट गई।
कार के अंदर फंसे लोग, पुलिस ने सुरक्षित निकाला : हादसा होते ही कार में सवार तीनों लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सीधा करवाकर सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में दो लोगों को चोटें आई हैं, वहीं टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवे की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई।
कार अनियंत्रित होने से हुआ हादसा, जांच जारी : पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाते हुए यातायात सुचारू कराया। कोतवाली टीआई दिनेश राजपूत ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार वाहन के अचानक अनियंत्रित होने से यह हादसा पेश आया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

