Datia news : भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) की समीक्षा करते हुए गृह मंत्रालय से जारी निर्देशों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहाकि प्रदेश में पाकिस्तानी वीजा धारक नागरिकों को चिन्हित कर गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गाइडलाइन अनुसार वीजा पर आए पाकिस्तानी नागरिकों को प्रदेश से बाहर करना सुनिश्चित किया जाए। मप्र में अध्यनरत जम्मू कश्मीर के छात्र-छात्राओं को चिन्हित कर उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध नियंत्रण का कार्य पुलिस द्वारा तत्परतापूर्वक किया जा रहा है। समाज में उत्पन्न होने वाली चुनौतियों और अपराधी तत्वों के नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक प्रयास हो रहे हैं। नए कानूनों के अनुरूप व्यवस्थाओं में भी आवश्यक सुधार किया जा रहा है।
पुलिस और प्रशासनिक अमले में बेहतर समन्वय है। नक्सल विरोधी अभियान और अन्य अपराधों पर अंकुश के लिए कार्य कर रहे पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है, जिसमें आउट ऑफ टर्म प्रमोशन और भत्ते इत्यादि पर समुचित ध्यान दिया गया है।
शिक्षण केंद्रों को अपराध स्थल नहीं बनने देंगे : मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक में निर्देश दिए कि प्रदेश में शिक्षण संस्थाओं पर नजर रखी जाए।

उन्होंने भोपाल में कुछ युवकों द्वारा स्कूल, कॉलेज की कुछ छात्राओं से दुर्व्यवहार और अपराध से संबंधित खबरों पर चिंता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षण परिसरों अथवा इनके नजदीक कोई भी अवैधानिक गतिविधियां न हों, इन पर सतत् नजर रखी जाए और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए। दोषियों को बिल्कुल न छोड़ें।
त्यौहारों पर मुस्तैद रहे पुलिस बल : मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आने वाले माह में विभिन्न पर्व त्यौहार के दृष्टिगत शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस बल अलर्ट मोड में रहे तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएं। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बलों की तैनाती और समय रहते समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि नागरिक निर्भय और शांतिपूर्ण वातावरण में अपने पर्व-त्यौहार मना सकें।